मुरैना। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में श्री विद्यासागर सर्वाेदय पाठशाला की तीनों शाखाओं- बड़ा जैन मंदिर, जैन बगीची एवं जीवाजीगंज के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, संस्कार और संस्कृति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित समाजबंधुओं का मन मोह लिया। आकर्षक गणवेश में अनुशासन और उत्साह के साथ उपस्थित बच्चों ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की सामूहिक प्रस्तुति से वातावरण को देशभक्ति के भावों से भर दिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत करते हुए देश के वीर सपूतों के त्याग, राष्ट्र के प्रति कर्तव्य और मातृभूमि के प्रति सम्मान का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

संस्कारों की सच्ची शिल्पकार हैं पाठशाला की दीदियां

कार्यक्रम की सफलता के पीछे पाठशाला की शिक्षिकाओं एवं शिक्षकों की वर्षभर की निःस्वार्थ सेवा, मेहनत और संस्कार साधना स्पष्ट दिखाई दी। शिक्षक बच्चों को केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके जीवन में धर्म, नैतिकता, अनुशासन, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम के संस्कार भी रोपित कर रहे हैं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियां एक-दिन की तैयारी नहीं, बल्कि पूरे वर्ष चलने वाली संस्कार साधना का परिणाम रही।

सुनियोजित कार्ययोजना बनी आयोजन की सफलता का आधार

श्री विद्यासागर सर्वाेदय पाठशाला कमेटी ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा तैयार कर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमेटी के मार्गदर्शन में बच्चों की तैयारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत, भाषण, अनुशासन एवं पुरस्कार वितरण की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संपन्न हुईं। आयोजन समिति की दूरदर्शी योजना, शिक्षकों की मेहनत, बच्चों का उत्साह और समाज के सहयोग ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब समाज बच्चों को संस्कार देने के लिए एकजुट होता है, तो आने वाली पीढ़ी धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझते हुए आगे बढ़ती है।

पुरस्कार और मिठाई वितरण से खिले बच्चों के चेहरे

कार्यक्रम में समाज के श्रेष्ठीजनों द्वारा बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समापन अवसर पर अनिल जैन नायक (गढ़ी वाले) की ओर से सभी बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया। पुरस्कार एवं मिठाई पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी की मुस्कान खिल उठी।

तीनों शाखाओं के समर्पित शिक्षक-शिक्षिकाएं

पाठशाला बड़ा जैन मंदिर की गीता जैन, पदमा जैन, शशि जैन, रेखा जैन, कमला जैन, गुंजन जैन, सुरभि जैन, नीतू जैन, आदित्य जैन, पाठशाला जैन बगीची की कुशल कांता जैन, मिथिलेश जैन एवं श्रेयांश जैन, पाठशाला जीवाजीगंज के राजकुमार जैन, मंजू जैन, रूबी जैन, प्रियंका जैन, एकता जैन एवं जागृति जैन एवं पाठशाला कमेटी के संचालक संजय कुमार जैन, अध्यक्ष नवनीत जैन शास्त्री, राजकुमार जैन, मंत्री गीता जैन आदि की उपस्थिति में बच्चों ने प्रशंसनीय एवं सराहनीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम संचालन नवनीत जैन शास्त्री एवं गुंजन जैन ने किया।

संस्कार भी, संस्कृति भी और राष्ट्रभक्ति भी

श्री विद्यासागर सर्वाेदय पाठशाला का यह आयोजन महज स्वतंत्रता दिवस समारोह नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर संस्कार, अनुशासन, धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के बीजों को सींचने का सार्थक प्रयास रहा। संस्कारित बच्चे ही भविष्य में श्रेष्ठ नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यही सर्वाेदय पाठशाला की सबसे बड़ी उपलब्धि है।