नौगामा। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव के उपलक्ष्य में सुखोदय तीर्थ नसिया जी में मेले का आयोजन भक्तिभाव से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण करने का प्रथम सौभाग्य घोड़ा दिवेश राजेंद्र कालिंजरा को प्राप्त हुआ। इसके पश्चात शांतिधारा एवं अभिषेक संपन्न हुआ। भगवान महावीर स्वामी की पूजा-अर्चना में अष्टद्रव्य के थाल सजाकर महिला मंडल, बालिका मंडल एवं बाहर से पधारे धर्मप्रेमी बंधुओं ने भक्ति भाव से अर्घ्य समर्पित किए।
ग्राम पंचायत की नवीन कार्यकारिणी का सम्मान
इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज नौगामा की ओर से ग्राम पंचायत नौगामा की नवीन कार्यकारिणी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समाज की ओर से नौगामा से नसिया जी तक के मार्ग को अहिंसा मार्ग घोषित करने का निवेदन किया गया। साथ ही आगामी पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर विचार-विमर्श भी किया गया। पूजन के पश्चात जैन पाठशाला के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके बाद भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा, मुख्य मंदिर, जल मंदिर एवं भगवान महावीर स्वामी की टोंक सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने बोली के माध्यम से निर्वाण लाडू समर्पित किए। निर्वाण लाडू चढ़ाने का प्रथम सौभाग्य नानावटी रमणलाल जी को प्राप्त हुआ।
राजस्थान सहित अन्य राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
इस भव्य मेले में आसपास के गांवों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान मुनि सुव्रतनाथ की प्रतिमा एवं सम्मेद शिखर टोंक के दर्शन-वंदन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। मेले में पधारे सभी धर्मप्रेमी बंधुओं के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन भी किया गया। नवयुवक मंडल ने पूरे कार्यक्रम में तत्परता एवं समर्पण भाव से अपनी सेवाएं दीं।
दृष्टि नानावटी के प्रवचन ने दिया धर्म संदेश
इस अवसर पर सांगानेर संस्थान से पधारी दृष्टि नानावटी ने अपने मार्मिक प्रवचन में भगवान महावीर स्वामी के महान उपदेश जियो और जीने दो का महत्व समझाया। उन्होंने निर्वाण महोत्सव के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयोजन की सराहना की एवं सभी को शुभकामनाएं दीं।
नीता जैन का भी किया स्वागत-अभिनंदन
इस वर्ष ग्राम पंचायत नौगामा की नवीन कार्यकारिणी में जैन समाज की महिला नीता जैन के उपसरपंच पद पर निर्वाचित होने पर जैन समाज की ओर से उनका विशेष स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोरी एवं नवयुग मंडल अध्यक्ष मुकेश गांधी ने मेले में पधारे सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। संचालन रमेश चंद्र गांधी एवं नानावटी सुभाष चंद्र ने किया। यह जानकारी सुरेशचंद्र गांधी ने दी।




