जयपुर। श्री दिगम्बर जैन मंदिर,जनकपुरी-ज्योतिनगर में आचार्य श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ के चातुर्मास के निर्विघ्न एवं सफल समापन के अवसर पर गुरुवार को पिच्छिका परिवर्तन, कलश वितरण एवं गुरु पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जयपुर समाज की ओर से आचार्य श्री को ‘करुणामूर्ति’ अलंकरण समर्पित किया गया। समारोह में चातुर्मास के दौरान विभिन्न सेवाओं में समर्पित रहे कार्यकर्ताओं, चौका लगाने वाले परिवारों, निहार-विहार में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं एवं अन्य सहयोगियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण से हुआ। दीप प्रज्वलन एवं पाद प्रक्षालन का सौभाग्य स्नेहलता-विकास काला (जेके मसाला) परिवार को प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि इस परिवार को प्रथम कलश प्राप्त करने का सौभाग्य भी मिला। पिच्छिका परिवर्तन के अवसर पर आचार्य श्री की पुरानी पिच्छिका ग्रहण करने का सौभाग्य श्रेष्ठी अशोक चांदवड़ को तथा संघस्थ मुनि श्री आनंद सागर जी महाराज की पिच्छिका ग्रहण करने का सौभाग्य जनकपुरी मंदिर के मंत्री देवेंद्र कासलीवाल को प्राप्त हुआ।

समिति की ओर से शास्त्र भेंट किए

चातुर्मास कलश प्राप्त करने का सौभाग्य श्रेष्ठी ममता-शांतिकुमार सोगानी, दीपांशु जैन (आगरा), कमल-मनीष छाबड़ा, रमेश राज चौधरी, अशोक-शकुन्तला चांदवाड़, सुभाष-राजेश गर्ग एवं कैलाश-माणक-रमेश ठोलिया परिवार को प्राप्त हुआ। प्रबंध समिति की ओर से शास्त्र भेंट किए गए। चातुर्मास के झंडारोहण का सौभाग्य प्राप्त करने वाले श्रेष्ठी चेतन जैन ने दीदियों को वस्त्र भेंट कर पुण्यार्जन किया। विद्वान जिनेश जैन का भी सम्मान किया गया। चातुर्मास मुख्य संयोजक पदम जैन बिलाला ने संचालन करते हुए चातुर्मास की प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों तथा आयोजन में सहयोगी परिवारों के योगदान का उल्लेख किया।

लघु डॉक्यूमेंट्री का किया प्रदर्शन

इस अवसर पर जयपुर समाज की ओर से आचार्य श्री को ‘करुणामूर्ति’ अलंकरण समर्पित किया गया। सम्मान की भावना एवं आचार्य श्री के करुणामय व्यक्तित्व को अभिव्यक्त करती एक विशेष लघु डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित की गई। इसकी परिकल्पना राकेश जैन (दूरदर्शन) द्वारा की गई। फिल्म में आचार्य श्री के करुणामय व्यक्तित्व, वात्सल्य, जीवदया एवं आध्यात्मिक प्रभावना को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया तथा चातुर्मास की प्रमुख गतिविधियों को भी रेखांकित किया गया।

अहिंसा का पालन केवल बाहरी आचरण में ही नहीं

अपने मंगल उद्बोधन में आचार्य श्री ने चातुर्मास को निर्विघ्न, सफल एवं आध्यात्मिक दृष्टि से सार्थक बताते हुए सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने पिच्छिका के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिच्छिका जैन साधु के अहिंसा, संयम, जीवदया एवं त्यागमय जीवन की महत्वपूर्ण पहचान है। इसकी मृदुता हमें अपने जीवन के परिणामों में भी कोमलता लाने की प्रेरणा देती है। जिस प्रकार पिच्छिका धूल को ग्रहण नहीं करती, उसी प्रकार मनुष्य को अहंकार और कषायों से दूर रहना चाहिए। हमारे व्यवहार और विचार ऐसे हों कि किसी भी जीव को हमारे कारण कष्ट न पहुंचे। अहिंसा का पालन केवल बाहरी आचरण में ही नहीं, बल्कि मन, वचन और कर्म से भी होना चाहिए।

अशोक चांदवड़ संघपति घोषित

आचार्य श्री की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने वाले देव-शास्त्र-गुरु के अनन्य भक्त अशोक चांदवड़ को संघपति घोषित किए जाने पर उनका विशेष सम्मान किया गया। समारोह में प्रबंध समिति, वर्षा योग समिति, महिला मंडल एवं युवा मंच का विशेष सहयोग रहा। फिरोजाबाद, आगरा तथा जयपुर की विभिन्न कॉलोनियों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। प्रदीप लाला, विनोद कोटखावदा, इन्द्रा बड़जात्या, कमल दीवान सहित समाज के अनेक गणमान्यजन एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने समारोह में सहभागिता की। सम्पूर्ण आयोजन गुरु भक्ति, सेवा, समर्पण, अहिंसा और सामाजिक एकजुटता का प्रेरक उदाहरण बना।