आगरा के श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर-7 आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा में श्रुत पंचमी महापर्व पर माँ जिनवाणी की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में महिला मंडल, पाठशाला के बच्चों, युवा मंच एवं समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पढ़िए राहुल जैन की यह रिपोर्ट
आगरा। श्रुत पंचमी के पावन अवसर पर श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर-7 आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा में माँ जिनवाणी की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुई। पूरे क्षेत्र में जिनवाणी माता के जयकारों और भक्ति गीतों से धर्ममय वातावरण निर्मित हो गया।प्रतिमाधारी महिलाओं ने निभाई विशेष भूमिका

शोभायात्रा में प्रतिमाधारी श्रीमती जैना जी एवं श्रीमती माया जी ने सिर पर माँ जिनवाणी को विराजमान कर भावपूर्ण सहभागिता निभाई। उनकी श्रद्धा एवं समर्पण भावना ने सभी श्रद्धालुओं को प्रभावित किया।

पाठशाला के बच्चों ने दिया धर्म का संदेश

ढोल-ताशों की मंगल ध्वनि के बीच पाठशाला के बच्चों ने श्रुत पंचमी पर्व का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। बच्चों ने जैन धर्म, संस्कृति और परम्पराओं से संबंधित प्रेरणादायी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को धर्म के प्रति जागरूक किया।

महिला मंडल ने की जिनवाणी स्तुति

महिला मंडल की सदस्याओं ने जिनवाणी स्तुति का सामूहिक गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों और स्तुतियों के माध्यम से उन्होंने माँ जिनवाणी के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की।

विभिन्न मार्गों से निकली शोभायात्रा

भव्य शोभायात्रा श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्रारम्भ होकर सेक्टर-7, शिवालिक स्कूल गेट के सामने वाले मार्ग, सेक्टर-3 तथा सिग्नेचर क्षेत्र से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ।

युवा मंच ने संभाली व्यवस्थाएं

श्री शान्तिनाथ युवा मंच के सदस्यों ने पालकी में विराजमान माँ जिनवाणी को लेकर चलने का सौभाग्य प्राप्त किया। युवा मंच ने सम्पूर्ण आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिनवाणी पूजन एवं सम्मान समारोह

शोभायात्रा के उपरांत माँ जिनवाणी की पूजा श्री राजेश बैनाड़ा एवं श्री प्रवीण जी द्वारा विधि-विधानपूर्वक सम्पन्न कराई गई। इस अवसर पर आयोजित शास्त्र सजाओ प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

अनेक समाजजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष अतुल जैन, मंत्री राकेश जैन, कोषाध्यक्ष मगन जैन, महेश जैन, राजेश बैनाड़ा, विजय जैन निमोरब, प्रवीण जैन, सुदीप जैन, हेमा जैन, अरुण जैन, नीरज जैन, आलोक जैन, संजय जैन, विपुल जैन, सिद्धार्थ जैन, जितेश जैन, प्रशांत जैन, वैभव जैन, दीपक जैन, सिद्धांत जैन, आदर्श जैन, विशाल जैन, सुषमा जैन पार्षद, उपासना जैन, हेमलता जैन, अर्चना जैन, रश्मि जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित सकल जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रुत पंचमी महापर्व के सभी कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।