इंदौर। आत्म साधना के पर्युषण महापर्व के अवसर पर सकल जैन समाज धर्म आराधना और भक्ति में लीन रहता है। देव शास्त्र गुरु की साधना, तप, उपवास पूर्ण श्रद्धा के साथ किए जाते हैं। शहर के लिए यह गर्व की बात है कि इंदौर के प्रतिष्ठित पब्लिक स्कूल डेली कॉलेज में पुष्पा पांड्या के प्रयास से विगत 41 वर्षों से पर्युषण पर्व के अवसर पर जैन विद्यार्थियों को 18 दिन शुद्ध जैन भोजन की व्यवस्था की जाती है। तथा संध्या का भोजन सूर्यास्त पूर्व दिया जाता है। इस वर्ष भी 8 सितंबर से श्वेतांबर आम्नाय तथा 16 से 25 सितंबर दिगंबर आम्नाय के दशलक्षण महापर्व तक इस व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष श्री दिगम्बर जैन महासमिति पुष्पा पांड्या, मंजू अजमेरा, पलासिया महिला मंडल अध्यक्ष नीना पहाड़िया, पलासिया महिला मंडल सचिव डिम्पल जैन की ओर से प्राचार्या को निवेदन किया गया।
महिला मंडल ने सहयोग के लिए आभार जताया
निवेदन की प्रति वर्ष हर्षवर्धन सिंह को देते हुए पुष्पा पांड्या, मंजू अजमेरा, नीना पहाड़िया और डिंपल जैन ने कहा कि यह व्यवस्था बहुत वर्षों से चल रही है। हर्षवर्धन सिंह ने इस बार भी पूर्ण शुद्धता के साथ यथावत बनाए रखने का आश्वासन दिया। सभी पदाधिकारी महिलाओं ने 41 वर्षों से इस सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और स्वास्थवर्धक संस्कार बनाए रखने में सहयोग करने के लिए आभार प्रकट किया।



