हस्तिनापुर। श्री दिगम्बर जैन महासमिति के वर्ष 2026-2029 के चुनाव हस्तिनापुर में सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के तहत 20 अगस्त 2026, गुरुवार को आरसी जैन (आर्किटेक्ट) को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद 22 अगस्त 2026, शनिवार को भारत के सभी प्रांतों के सदस्यों की उपस्थिति में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
विधिवत हुई नए अध्यक्ष की घोषणा
चुनाव अधिकारी श्रीमान जीवेन्द्र जैन, गाजियाबाद वालों ने विधिवत रूप से नए अध्यक्ष की घोषणा की। अध्यक्ष की घोषणा होते ही पूरे सदन में खुशी का माहौल बन गया। उपस्थित सदस्यों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
माला, शाल और दुपट्टा पहनाकर किया अभिनंदन
भारत के विभिन्न प्रांतों से उपस्थित सदस्यों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को माला, शाल एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया। प्रादेशिक पदाधिकारियों ने भी शुभकामनाएं देते हुए नई कार्यकारिणी को तन, मन और धन से सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
नई जिम्मेदारियों की घोषणा
नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसी जैन द्वारा सदन के समक्ष नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। उन्होंने सुशील जैन, मोदी नगर को महासमिति का चेयरमैन तथा सुनील पंढारी को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया।
इसी क्रम में व्रती श्राविका श्रीमती शीला डोड्या, जयपुर को श्री दिगम्बर जैन महिला महासमिति का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की घोषणा की गई।
पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं
डॉ. वंदना जैन ने बताया कि उपस्थित सदस्यों द्वारा सभी नव निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। सदस्यों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए महासमिति के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग का विश्वास दिलाया।
नई कार्यकारिणी से समाज को उम्मीदें
वर्ष 2026-2029 के लिए गठित नई कार्यकारिणी से समाजसेवा, संगठनात्मक विस्तार एवं महिला सहभागिता को और अधिक मजबूत करने की उम्मीद जताई गई। कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रांतों से आए सदस्यों की उपस्थिति ने संगठनात्मक एकता का संदेश दिया।



