आगरा। विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और जरूरतमंद बच्चों को शैक्षिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से श्री अग्रवाल दिगंबर जैन युवा मंच की ओर से श्री अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा ने सोमवार को पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम रखा। जयपुर हाउस स्थित जे.बी. जूनियर हाईस्कूल, प्रभु नगर में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति जागरूकता और सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया। युवा मंच प्रमुख संजय जैन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा में सहयोग प्रदान करना था। पाठ्य सामग्री प्राप्तकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
शिक्षा के साथ सेवा और सहयोग की भावना
इस पहल के माध्यम से बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। मोहित जैन ने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के सक्षम लोगों और सामाजिक संगठनों को आगे आकर ऐसे प्रयास करने चाहिए, जिससे आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने। श्री अग्रवाल दिगंबर जैन युवा मंच की इस पहल ने शिक्षा के साथ सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत किया। ऋषभ जैन ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का प्रयास करना चाहिए।
यह समाजजन मौजूद रहे
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पारस कंसल जैन, संजय बाबू जैन, विजय जैन, राजीव जैन, मनोज जैन, संजय जैन, मोहित जैन, ऋषभ जैन, अतुल जैन, सचिन जैन, रोहित जैन, अपूर्व जैन, राहुल जैन, विनीत जैन, अंकित जैन, सिद्धार्थ जैन, दीपक जैन, शुभम जैन आदि मौजूद रहे।




