27 जुलाई 2026 से शनि ग्रह लगभग चार माह तक वक्री रहेंगे। वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन के अनुसार इस अवधि में मौसम, अर्थव्यवस्था, कृषि, उद्योग तथा विभिन्न राशियों पर विशेष प्रभाव देखने को मिल सकता है। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना (मनोज जैन नायक)। वैदिक ज्योतिष के अनुसार 27 जुलाई 2026, सोमवार को रात्रि 1:28 बजे शनि ग्रह वक्री होंगे। वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन के अनुसार शनि का यह गोचर लगभग चार माह तक प्रभावी रहेगा। शनि को कर्म, न्याय, श्रम, उद्योग, खनिज, लोहा, तेल, कृषि, मजदूर वर्ग तथा दीर्घकालीन परिणामों का कारक माना जाता है। वक्री अवस्था में इन क्षेत्रों में पुनर्मूल्यांकन, विलंब एवं उतार-चढ़ाव की स्थितियां देखने को मिल सकती हैं।मौसम और वैश्विक परिस्थितियों पर संभावित प्रभाव

डॉ. जैन के अनुसार वैश्विक स्तर पर राजनीतिक तनाव और संघर्ष की स्थितियां बढ़ सकती हैं। कुछ देशों के बीच चल रहे विवाद अधिक गंभीर रूप ले सकते हैं। साथ ही भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं। अनाज, दलहन, तिलहन, सोना, चांदी, स्टील, लोहा तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि की संभावना भी व्यक्त की गई है।

वर्षा का वितरण रह सकता है असमान

उन्होंने बताया कि शनि के वक्री होने से कहीं अतिवृष्टि तो कहीं अल्पवृष्टि की स्थिति बन सकती है। तेज हवाएं, आंधी, स्थानीय बाढ़ तथा रुक-रुककर वर्षा होने जैसी परिस्थितियां भी देखने को मिल सकती हैं।

जनजीवन में बरतें विशेष सावधानी

डॉ. जैन के अनुसार इस अवधि में भूकंप, भूस्खलन तथा खदानों से जुड़े हादसों की आशंका सामान्य से अधिक रह सकती है। सड़क, रेल एवं भारी उद्योगों से जुड़े क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक होगी। खनन एवं जोखिम वाले कार्यों से जुड़े लोगों को सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

12 राशियों पर संभावित प्रभाव

- मेष: आय में प्रारंभिक रुकावट के बाद सुधार के योग, मित्रों का सहयोग मिलेगा।

- वृषभ: कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, पद-प्रतिष्ठा की परीक्षा होगी।

- मिथुन: भाग्य संबंधी कार्यों में विलंब, यात्रा एवं कानूनी मामलों में सावधानी रखें।

- कर्क: अचानक खर्च बढ़ सकते हैं, स्वास्थ्य एवं वाहन चलाते समय सतर्क रहें।

- सिंह: दाम्पत्य एवं साझेदारी के मामलों में धैर्य रखें, विवाद से बचें।

- कन्या: विरोधियों पर विजय के योग, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।

- तुला: संतान, शिक्षा एवं निवेश संबंधी निर्णय सोच-समझकर लें।

- वृश्चिक: भूमि, भवन एवं पारिवारिक मामलों में संयम बनाए रखें।

- धनु: पराक्रम में वृद्धि होगी, भाई-बहनों से जुड़े मामलों में धैर्य रखें।

- मकर: आर्थिक योजनाएं बनाकर चलें तथा वाणी पर नियंत्रण रखें।

- कुंभ: आत्मविश्वास बढ़ेगा, लेकिन स्वास्थ्य एवं मानसिक तनाव से सावधान रहें।

- मीन: अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं, आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी।

«नोट: यह समाचार वैदिक ज्योतिष पर आधारित संभावित प्रभावों का विवरण है। इन्हें आस्था एवं ज्योतिषीय मान्यताओं के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।»