भिंड। आर्यिका 105 विजिज्ञासा श्री माता जी के पावन सानिध्य में स्व. जयकुमार जैन की पुण्यतिथि के अवसर पर नवजीवन सहायतार्थ संगठन द्वारा ऋषभ भवन में संगोष्ठी हुई एवं स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य श्री 108 विरागसागर जी महामुनिराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। संगोष्ठी में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का आधार है। सभी को अपने घर के साथ-साथ शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करना चाहिए। देहात टीआई शिवप्रताप सिंह राजावत ने बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए और अनजान लिंक व कॉल से सतर्क रहने की अपील की। श्रवण कुमार पाठक ने जीव दया और शाकाहार के महत्व पर प्रकाश डाला। गणेश भारद्वाज ने नशे के दुष्प्रभावों से युवाओं को अवगत कराया और नशा मुक्त समाज का संकल्प दिलाया। प्रो. इकबाल अली ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है।

स्वास्थ्य शिविर में समाजजनों को मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर में लगभग 130 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जिसमें सीएलपी मेमोरियल हॉस्पिटल, (डॉ. राधेश्याम शर्मा) वामिक डेंटल केयर (डॉ.गौरव अग्रवाल), वीपी फिजियोथेरेपी क्लीनिक एंड सपोर्ट रिहैबिलिटेशन डॉ.विजयप्रताप सिंह फिजियोथेरपिस्ट का अतुलनीय सहयोग रहा। संचालन विशाल चौहान ने किया तथा जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप भदौरिया ने अतिथियों आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज एवं नवजीवन संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।