सैटेलाइट। जैन दर्शन के क्षमा भाव को सार्थक करते हुए सैटेलाइट जैन समाज ने एकजुट होकर क्षमावाणी पर्व मनाया। प्रातःकाल सैटेलाइट जिनालय से भव्य श्रीजी महायात्रा निकाली गई, जिसने आसपास के क्षेत्र में धर्म प्रभावना का संदेश दिया।
सिंह रथ पर विराजे मुनिसुव्रतनाथ भगवान
सैटेलाइट जिनालय के महेंद्र जैन ने बताया कि श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान स्वर्णिम सिंह रथ पर विराजमान होकर महायात्रा में निकले। डीजे-बैंड की धार्मिक प्रस्तुतियों और नृत्यों से मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
समाज सदस्यों ने अपने-अपने द्वारों पर रंगोली सजाई तथा आरती उतारकर सैटेलाइट वाले बाबा की आगवानी की।
बच्चों, युवाओं और मातृशक्ति की सहभागिता
महायात्रा में वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन, युवाओं की सक्रियता और समर्पण विशेष रूप से देखने को मिला। माताओं-बहनों ने सजीले परिधानों में आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए, वहीं छोटे बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्रतिक्रमण कर मांगी परस्पर क्षमा
महायात्रा के पश्चात जिनालय में अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। उपस्थित समाजजनों ने वार्षिक प्रतिक्रमण कर विगत वर्ष में जाने-अनजाने हुई गलतियों के लिए एक-दूसरे से क्षमा याचना की और जैन दर्शन के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
श्रीफल साथी : सैटेलाइट




