मुरैना/ग्वालियर। दैनिक ग्वालियर किरण के प्रधान संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र जैन की माताजी श्रीमती मनोरमा जैन का बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही पत्रकार जगत, जैन समाज एवं शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
धार्मिक प्रवृत्ति का रहा जीवन
मुरार स्थित गेरूवाला बंगला निवासी श्रीमती मनोरमा जैन धर्मपरायण एवं धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। उन्होंने अपने जीवन का अंतिम समय देव-शास्त्र-गुरु की भक्ति, पूजा-पाठ एवं धार्मिक आराधना में व्यतीत किया। पिछले कुछ समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। बुधवार प्रातः उन्होंने अंतिम सांस लेते हुए इस नश्वर शरीर का त्याग कर दिया।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल
दोपहर में स्थानीय श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में साधर्मी बंधुओं के साथ पत्रकार, समाजसेवी, व्यापारी, मित्रगण एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जताया शोक
श्रीमती मनोरमा जैन के निधन पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
आज होगी उठावनी बैठक
मनोरमा जैन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उठावनी बैठक शुक्रवार 21 अगस्त को महावीर भवन, ठंडी सड़क, मुरार में दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक रखी गई है। इस दौरान समाजजन, पत्रकार एवं परिचितजन दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।




