मुरैना। हिंसा केवल स्वयं किसी जीव की हत्या करने तक सीमित नहीं है, बल्कि हिंसा के साधन उपलब्ध कराना, उन्हें दूसरों को देना अथवा हिंसा के कार्य में सहयोग करना भी अनर्थदण्ड का कारण बन सकता है। प्रत्येक जीव के प्रति करुणा, संवेदना और अहिंसा का भाव रखना ही जैन धर्म की मूल भावना है। यह प्रेरणादायी विचार आचार्य श्री उदारसागर जी महाराज ने श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में धर्मसभा को संबोधित करते हुए हिंसादान अनर्थदण्ड विषय पर व्यक्त किए। आचार्य श्री ने रत्नकरण्ड श्रावकाचार ग्रंथ के श्लोक के माध्यम से हिंसादान की विस्तार से व्याख्या करते हुए कहा कि हिंसा के लिए उपयोग में आने वाले साधनों को किसी दूसरे व्यक्ति को देना, बेचना, उधार देना अथवा किराये पर उपलब्ध कराना भी हिंसादान कहलाता है। इस संदर्भ में उन्होंने शास्त्र का श्लोक प्रस्तुत किया—
परशुकृपाणखनित्रज्वलनायुधश्रृंगिश्रृखलादीनाम् ।
वधहेतूनां दानं हिंसादानं ब्रुवन्ति बुधाः।।
श्लोक का अर्थ स्पष्ट करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि फरसा, तलवार, कुदाली, गेंती, अग्नि, शस्त्र, विष, बेड़ी और सांकल आदि ऐसी वस्तुएं, जिनसे जीवों का वध किया जा सकता है, उन्हें हिंसा के उद्देश्य से किसी अन्य को देना हिंसादान अनर्थदण्ड है। फावड़ा, कुदाल, खुरपा, हथौड़ा, छुरी, कटारी, तमंचा, भाला, बाण, धनुष, बंदूक, तोप, बारूद, गोली, चाबुक, जाल और विष आदि वस्तुएं भी यदि हिंसा के प्रयोजन से उपलब्ध कराई जाती हैं तो व्यक्ति हिंसादान के दोष का भागी बनता है। आचार्य श्री ने समझाया कि किसी वस्तु का स्वरूप एक हो सकता है, लेकिन उसका उपयोग और उद्देश्य अलग-अलग हो सकता है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कुदाली खेत की जुताई और कृषि कार्य के लिए उपयोगी है, लेकिन उसी कुदाली का उपयोग किसी जीव को मारने के लिए किया जाए तो उसका प्रयोजन बदल जाता है। इसी प्रकार अग्नि से भोजन पकाना और प्रकाश करना आवश्यक कार्य हैं, लेकिन किसी जीव को जलाने अथवा मारने के उद्देश्य से अग्नि उपलब्ध कराना हिंसादान का कारण बनता है। इसलिए किसी वस्तु को देने से पहले उसके उपयोग, उद्देश्य और अपने भावों पर विचार करना चाहिए।
बंदर और राजा का प्रसंग सुनाकर समझाया विवेक का महत्व
आचार्य श्री ने बंदर और राजा का रोचक दृष्टांत सुनाते हुए कहा कि एक बंदर राजा के यहां रहता था और उसकी रक्षा करता था। एक दिन राजा की नाक पर मक्खी बैठ गई। बंदर ने मक्खी को भगाया, लेकिन वह बार-बार लौटकर नाक पर बैठने लगी। बंदर ने सोचा कि अब तलवार से मक्खी को समाप्त कर देना चाहिए। जैसे ही मक्खी राजा की नाक पर बैठी, बंदर ने तलवार चला दी। मक्खी तो उड़ गई, लेकिन राजा की नाक कट गई। इस प्रसंग से आचार्य श्री ने समझाया कि बिना विवेक के हिंसा के उपकरणों का उपयोग कितना घातक हो सकता है। अतः किसी भी साधन का उपयोग करते समय विवेक और सावधानी आवश्यक है।
तंदुल मच्छ के अशुभ विचार बने नरकगति का कारण
आचार्य श्री ने राघव मच्छ और तंदुल मच्छ का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि अंतिम समुद्र में रहने वाले राघव मच्छ के कान में तंदुल मच्छ रहता था, जो निरंतर अशुभ और खोटे विचार करता रहता था। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने बताया कि जीव के विचार और परिणाम भी अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। केवल बाहरी हिंसा ही नहीं, बल्कि मन में उठने वाले अशुभ विचार भी आत्मा के पतन का कारण बनते हैं। राघव मच्छ और तंदुल मच्छ के नरकगति में जाने का प्रसंग हमें अपने भावों की शुद्धि के प्रति सावधान करता है। आचार्य श्री ने धर्मप्रेमियों से कहा कि हमें केवल स्वयं हिंसा करने से ही नहीं बचना है, बल्कि ऐसी प्रवृत्तियों से भी दूर रहना है, जिनसे दूसरे जीवों की हिंसा का मार्ग प्रशस्त होता है। किसी दूसरे को हिंसा का साधन देकर स्वयं को निर्दोष समझना उचित नहीं है। अहिंसा का वास्तविक अर्थ प्रत्येक जीव के प्रति करुणा, संवेदना और आत्मकल्याण की भावना रखना है। इसलिए अपने विचारों, व्यवहार और कार्यों में विवेक रखते हुए हिंसा के निमित्त बनने से बचना चाहिए।
मुनि उपशांतसागरजी महाराज ने भावों की शुद्धि पर दिया जोर
मुनि श्री उपशांतसागर महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए बताया कि जैन दर्शन में किसी भी कार्य का मूल्यांकन केवल बाहरी क्रिया से नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपे भाव और उद्देश्य से भी किया जाता है। मनुष्य को अपने प्रत्येक कार्य से पहले यह विचार करना चाहिए कि उसके कार्य से किसी जीव को कष्ट तो नहीं पहुंचेगा। हिंसा के साधनों को उपलब्ध कराना भी हिंसा में सहयोग करने जैसा है, इसलिए श्रावक को अपने व्यापार, व्यवहार और दैनिक जीवन में विशेष सावधानी रखनी चाहिए। मुनि श्री ने कहा कि अहिंसा केवल हाथों से किसी जीव को नहीं मारने का नाम नहीं है, बल्कि मन, वचन और काय से किसी भी जीव के प्रति बुरा भाव नहीं रखना भी अहिंसा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। मन में उठने वाले क्रोध, द्वेष, ईर्ष्या और प्रतिशोध के भाव आत्मा को अशुद्ध करते हैं। इसलिए मनुष्य को अपने परिणामों को निर्मल बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्म का वास्तविक पालन तभी सार्थक है, जब हमारे आचरण से किसी भी जीव को भय, पीड़ा अथवा कष्ट न पहुंचे। दूसरों को हिंसा से बचाने का प्रयास करना और स्वयं किसी की हिंसा का निमित्त न बनना ही सच्चे श्रावक की पहचान है। धर्मसभा का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन विद्वत् नवनीत जैन शास्त्री ने किया। मंगलाचरण गुंजन जैन ने किया।





