आगरा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर कलाकुंज, मारुति स्टेट में वात्सल्य सेवा समिति कलाकुंज अवधपुरी के तत्वावधान में 44 दिवसीय श्री पार्श्वनाथ कल्याण स्तोत्र मंदिर विधान का चल रहा। नौवां दिवस रविवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भगवान पार्श्वनाथ की आराधना, मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में अष्टद्रव्य अर्पित कर विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं आत्म कल्याण की कामना की। पंडित सुमेर जैन शास्त्री एवं अंकित जैन शास्त्री के निर्देशन में इंद्र-इंद्राणियों ने मंत्रोच्चार के साथ विधान की क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक संपन्न कीं। इस दौरान भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। विधान में संगीत मय भक्ति कार्यक्रम ने धार्मिक वातावरण को और भी आनंदमय बना दिया। मधुर भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ की स्तुति की। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भाव-विभोर दिखाई दिए।

यह समाजजन रहे पुण्यार्जक

मंदिर परिसर में चारों ओर श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान की आराधना कर धर्मलाभ प्राप्त किया। विधान के नौवें दिवस के पुण्यार्जक प्रवीण जैन, राहुल जैन, मनीष जैन एवं रिखबचंद जैन, रॉबिन जैन, पंकज जैन और लकी जैन परिवार रहे। पुण्यार्जक परिवार के सदस्यों ने भगवान पार्श्वनाथ की पूजन कर विधान में सहभागिता की और धर्मलाभ प्राप्त किया।

यह समाजजन भी उपस्थित रहे

उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुण्यार्जक परिवारों के प्रति मंगलभाव व्यक्त करते हुए उनके सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर अध्यक्ष रविंद्र जैन, राजीव जैन, अजय जैन मास्टर, रश्मि जैन, चंद्रा जैन, नेहा जैन, ख्याति जैन, रेखा जैन, उपासना जैन सहित वात्सल्य सेवा समिति एवं कलाकुंज मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।