नई दिल्ली। दस लक्षण महापर्व के समापन के बाद समता, क्षमा और आत्मशुद्धि के संदेश को समर्पित सामूहिक क्षमावाणी पर्व जैसवाल जैन युवाजन द्वारा अक्षरधाम मंदिर के समीप वियोन बैंक्वेट हॉल में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से समाजबंधुओं ने सहभागिता की।

मंगलाचरण से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मंच उद्घाटन, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं जिनवाणी स्थापना से हुआ। अणिमा रिद्धि जैन ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि युवाजन परिवार की महिलाओं ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों एवं श्रेष्ठीजनों का अभिनंदन किया।

मुख्य अतिथि राजकुमार जैन-योगेश जैन (महक ग्रुप), विशिष्ट अतिथि सुनील जैन (बाहुबली साड़ी, सूरत) एवं सुनील कुमार जैन ‘ढिलवारी’ (अजमेर) का शॉल, माला, पगड़ी एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।

मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान

कक्षा 10वीं एवं 12वीं के तीन टॉपर विद्यार्थियों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार एवं 11 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, प्रोफेशनल श्रेणी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा कक्षा 6वीं से 11वीं तक के टॉपर विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया।

समाज के वयोवृद्ध अशोक कुमार जैन एवं श्रीमती मुन्नी जैन, शाहदरा का सम्मान कर उनके प्रति आदर व्यक्त किया गया।

भजनों से सराबोर हुआ वातावरण

भजन सम्राट रूपेश जैन, इंदौर ने धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बनाया। वाणी भूषण पं. रमेशचंद्र जैन, मनियां एवं पं. महावीर प्रसाद जैन, आगरा ने क्षमावाणी पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षमा केवल शब्द नहीं, बल्कि मन की निर्मलता और आत्मशुद्धि का मार्ग है।

प्रतियोगिता और लकी ड्रॉ बने आकर्षण

बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। छोटे एवं बड़े बच्चों की अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को नकद राशि, साइकिल और स्मार्ट वॉच देकर पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण लकी ड्रॉ में महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए एक-एक स्कूटी रखी गई। महिला वर्ग में श्रीमती मीना जैन, धर्मपत्नी संजय जैन, शकरपुर तथा पुरुष वर्ग में दीपक जैन, शकरपुर ने स्कूटी पुरस्कार जीता।

सामूहिक क्षमायाचना के साथ समापन

कार्यक्रम का संचालन नीरू जैन, नोएडा एवं डॉ. अनुमेहा जैन, मयूर विहार ने किया। आयोजन का सीधा प्रसारण श्री वाणी एवं अहिंसा प्रभावना यूट्यूब चैनल पर किया गया।

जैसवाल जैन युवाजन के अध्यक्ष नवीन जैन ‘पिंकी’, कार्याध्यक्ष चौधरी मोहित जैन ‘चीकू’, महामंत्री अजय जैन ‘बॉबी’, कोषाध्यक्ष सीए अजय जैन तथा सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रयासों से कार्यक्रम संपन्न हुआ।

अंत में युवाजन परिवार ने मन, वचन अथवा कर्म से हुई भूलों के लिए सामूहिक रूप से क्षमायाचना की। मंगल भावना के साथ विश्व में शांति, सद्भाव, अहिंसा और मैत्री की कामना की गई।

श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, नई दिल्ली