नवागढ़। प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के साधक शिष्य मुनि श्री सरलसागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री मंगलानंदसागर जी महाराज एवं मुनि श्री मंगलसागर जी महाराज का चातुर्मास धर्मप्रभावना के साथ संपन्न हो रहा है।

चातुर्मास अवधि में भक्तामर महामंडल विधान, राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन, रविवारीय मंगल प्रवचन, सिद्धचक्र महामंडल विधान, दशलक्षण महापर्व, क्षमावाणी और मुनि श्री सरलसागर जी महाराज के दीक्षा दिवस सहित विविध धार्मिक आयोजन हुए।

भगवान अरनाथ के चरणों में सिद्धार्चना

भगवान अरनाथ स्वामी के चरणों में 17 से 25 अक्टूबर तक सिद्धार्चना का आयोजन हुआ। क्षेत्र अध्यक्ष सवाई सिंघई सनत कुमार एडवोकेट एवं उनके परिवार को सिद्धार्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर माला जैन, आलोक-प्रीमिला, अनुराग-मुक्ता, पंकज-आशु सहित अविरल, शाश्वत, निजांशी, पर्व एवं अभिवर्धन ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।

विद्वानों के निर्देशन में संपन्न हुए अनुष्ठान

ब्रह्मचारी जयकुमार निशांत के प्रतिष्ठाचार्यत्व में तथा पंडित मनीष जैन संजू, टीकमगढ़ एवं विकास शास्त्री, नैकोरा के मार्गदर्शन में धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। कुमारी दीक्षा जैन, सागर की संगीत प्रस्तुतियों एवं राष्ट्रीय मंच कलाकार चक्रेश जी की नाटिकाओं ने आयोजन को विशेष स्वरूप दिया।

श्री नवागढ़ गुरुकुलम् के विद्यार्थियों ने प्रतिदिन अभिषेक, शांतिधारा एवं मंडप में पूजन किया। सिद्धचक्र महामंडल विधान में आठ, सोलह और बत्तीस के क्रम से सिद्धों के गुणों का गुणगान हुआ।

सिद्धों के गुणों को जीवन में उतारें

मुनि श्री मंगलसागर जी महाराज ने कहा कि सिद्धों के गुणों का स्मरण कर उन्हें जीवन में धारण करने का संकल्प लेना चाहिए। उनके बताए मार्ग पर चलकर भव्य जीव संसार के दुखों से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

मुनि श्री मंगलानंदसागर जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन अनेक जन्मों के पुण्य का परिणाम है। शरीर को भोग-विलास का साधन बनाने के बजाय आत्मशुद्धि, संयम, साधना, तपश्चरण और ध्यान का माध्यम बनाना चाहिए। जीवन का सही उपयोग ही आत्मकल्याण की दिशा प्रशस्त करता है।

मार्च 2027 में पंचकल्याणक का संकल्प

श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र नवागढ़ समिति एवं श्री नवागढ़ गुरुकुलम् के पदाधिकारियों ने मुनि द्वय के चरणों में श्रीफल समर्पित कर 4 से 11 मार्च 2027 तक पंचकल्याणक, दीक्षा महोत्सव, महामस्तकाभिषेक एवं विद्यालय शिलान्यास आयोजित करने का संकल्प लिया।

क्षेत्र के महामंत्री वीरचंद जी ने श्रद्धालुओं से महाअनुष्ठान में सहभागिता की अपील की तथा विश्व शांति महायज्ञ में आहुति देकर विश्व, देश और परिवार में शांति की मंगलकामना करने का आह्वान किया।

श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, नवागढ़