मुरैना। पारिवारिक एकता, धार्मिक संस्कार और तीर्थ वंदना की भावना के साथ पारिवारिक तीर्थयात्रा समूह द्वारा थूवोनजी, खंडारगिरि एवं गोलाकोट जैन तीर्थ क्षेत्रों की धार्मिक यात्रा आयोजित की गई। यात्रा में आधा सैकड़ा से अधिक बुजुर्गों, माता-बहनों, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर तीर्थ वंदना का लाभ लिया।

बड़े बाबा आदिनाथ की हुई पूजा-अर्चना

यात्रियों ने थूवोनजी तीर्थ क्षेत्र पहुंचकर बड़े बाबा भगवान आदिनाथ की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। तीर्थ क्षेत्र के विभिन्न जिनालयों में दर्शन-वंदन कर भगवान के चरणों में श्रद्धा समर्पित की गई। अभिषेक एवं पूजन के दौरान वातावरण भक्तिमय हो गया।

पूजन के पश्चात यात्रियों ने सामूहिक वंदना एवं धार्मिक अनुष्ठान किए। भक्ति गीतों पर श्रद्धालुओं ने नृत्य कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। बुजुर्गों के साथ युवाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक धार्मिक गतिविधियों में भाग लिया।

खंडारगिरि और गोलाकोट में भी की वंदना

यात्रा के दौरान खंडारगिरि एवं गोलाकोट तीर्थ क्षेत्र की भी वंदना की गई। यात्रियों ने जिनालयों में दर्शन-वंदन कर सुख, शांति एवं आत्मकल्याण की भावना से आराधना की। संध्याकालीन वेला में सामूहिक आरती एवं भक्तिमय नृत्य का आयोजन हुआ।

यात्रा के दौरान सभी सदस्यों ने पारिवारिक वातावरण में एक-दूसरे के साथ समय बिताया तथा सामूहिक भोज में सहभागिता की।

पुण्यार्जक परिवार ने किया सम्मान

यात्रा के समापन पर पुण्यार्जक रामेश्वरदयाल जैन नायक परिवार, गढ़ी वालों ने यात्रा में सम्मिलित गणमान्य बंधुओं, माता-बहनों, युवाओं एवं बच्चों का सम्मान किया। इस अवसर पर कहा गया कि सामूहिक तीर्थयात्राएं धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक प्रेम, आपसी सद्भाव एवं संस्कारों को सुदृढ़ करने का माध्यम हैं।

श्रद्धालुओं ने सफल और आनंदमय आयोजन के लिए यात्रा संचालकों एवं पुण्यार्जक परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की सामूहिक तीर्थयात्राएं आयोजित करने की भावना व्यक्त की।

श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना