कुचामन सिटी। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर-अजमेर एवं महावीर इंटरनेशनल कुचामन सिटी के संयुक्त तत्वावधान में 8 एवं 9 अक्टूबर को विशाल दिव्यांग चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक महावीर भवन, पुरानी धान मंडी, कुचामन सिटी में लगेगा।
वंचित जरूरतमंदों को जोड़ने का प्रयास
भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर-अजमेर के सचिव सुरेश मेहरा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य डीडवाना-कुचामन जिले के ऐसे दिव्यांगजनों तक सहायता पहुंचाना है, जो पूर्व में आयोजित शिविरों में किसी कारणवश लाभ लेने से वंचित रह गए थे।
जोन पदाधिकारी वीर सुभाष पहाड़िया एवं वीर कैलाशचंद पाण्ड्या ने बताया कि शिविर में दिव्यांगजनों का चिन्हीकरण तथा आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरणों के लिए चयन किया जाएगा।
ये दस्तावेज साथ लाना आवश्यक
वीर रामावतार गोयल ने बताया कि शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को आधार कार्ड की फोटो कॉपी, जिस पर मोबाइल नंबर अंकित हो, तथा यूडीआईडी कार्ड (दिव्यांग मेडिकल कार्ड) साथ लाना आवश्यक है।
उपकरणों के लिए होगा चयन
वीर अजीत पहाड़िया के अनुसार चिन्हीकरण के बाद पात्र लाभार्थियों का ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, जयपुर फुट, कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स, शूज, बेल्ट, बैसाखी, बुजुर्ग छड़ी, वॉकर, बीटीई स्पेशल कान की मशीन एवं ब्लाइंड स्मार्ट सेंसर छड़ी सहित विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए चयन किया जाएगा। चयनित लाभार्थियों को आगे सूचना देकर उपकरण वितरित किए जाएंगे।
वीर सुरेश कुमार जैन ने बताया कि शिविर के संयोजक वीर सम्पत बगड़िया, वीर तेजकुमार बड़जात्या, वीर सुरेंद्र सिंह दीपपुरा एवं वीर सुभाष गंगवाल सहित महावीर इंटरनेशनल के वीर-वीराएं एवं युवा सदस्य सेवाएं देंगे।
संस्था ने अपील की है कि आसपास के जरूरतमंद दिव्यांग भाई-बहनों को शिविर की जानकारी देकर वहां पहुंचने में सहयोग करें, ताकि अधिकतम जरूरतमंद सहायता प्रक्रिया से जुड़ सकें।
श्रीफल साथी : सुभाष पहाड़िया, कुचामन सिटी







