सागवाड़ा। महावीर इंटरनेशनल वामा वीरा केंद्र सागवाड़ा की चेयरपर्सन वीरा तिलकनंदिनी शाह ने सागवाड़ा के उपखंड अधिकारी सुबोध चारण एवं तहसीलदार आस्था बामनिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संस्था की ओर से विभिन्न सेवा गतिविधियों एवं सामाजिक प्रकल्पों की जानकारी साझा की गई।
सेवा संबंधी साहित्य किया भेंट
इस अवसर पर अधिकारियों को महावीर इंटरनेशनल संस्था की महावीर प्रवाह सेवा गुंज विशेषांक, ई-चौपाल विशेषांक तथा महावीर इंटरनेशनल एक परिचय पत्रिका भेंट की गई। संस्था के सेवा कार्यों और गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी अधिकारियों को दी गई।
‘जीओ और जीने दो’ का संदेश
वीरा तिलकनंदिनी शाह ने बताया कि महावीर स्वामी के जीवन दर्शन ‘जीओ और जीने दो’ तथा ‘सबको प्यार, सबकी सेवा’ के आदर्शों एवं ध्येय को आधार बनाकर महावीर इंटरनेशनल मानव हित में कार्य कर रहा है।
संस्था असहाय, निराश्रित, कमजोर, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा तथा उनके उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था बिना धर्म, जाति, देश, रंग एवं लिंग के भेदभाव के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सेवा कर रही है।
स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के प्रकल्प
महावीर इंटरनेशनल वामा वीरा केंद्र सागवाड़ा द्वारा राजकीय चिकित्सालय में नवजात शिशुओं को हाइजेनिक बेबी किट वितरित किए जाते हैं। वात्सल्य प्रोजेक्ट के अंतर्गत शिशु देखभाल एवं स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
गरिमा प्रोजेक्ट के तहत ‘झिझक छोड़ो, चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो’ संदेश के साथ विभिन्न विद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बालिकाओं की मासिक धर्म संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाता है तथा उन्हें निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए जाते हैं।
CSR फंड से उपलब्ध कराई गई व्हीलचेयर भी राजकीय चिकित्सालय को भेंट की गई है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकत
पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए केंद्र द्वारा ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ तथा ‘कपड़े की थैली—मेरी सहेली’ प्रोजेक्ट के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इसके साथ ही वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
‘सुकून की छांव’ अभियान के तहत स्ट्रीट वेंडरों को छतरियां वितरित कर उन्हें राहत प्रदान करने का कार्य भी किया जा रहा है।
जीवदया एवं गौसेवा में भी सहभागिता
महावीर इंटरनेशनल वामा वीरा केंद्र की सेवा गतिविधियों में जीवदया को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। सन्मति गौशाला का संचालन केंद्र की दो वीराओं के परिवारों द्वारा किया जा रहा है। इसके माध्यम से जीवदया एवं गौसेवा के क्षेत्र में सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
सेवा गतिविधियों का निरंतर विस्तार
महावीर इंटरनेशनल के अपैक्स के 52 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों को निरंतर विस्तार दे रही है। वामा वीरा केंद्र सागवाड़ा की वीराएं भी अपने क्षेत्र में सेवा भावना के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभा रही हैं।
सेवा और मानव कल्याण का संदेश
शिष्टाचार भेंट के दौरान अधिकारियों को संस्था के सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए मानव सेवा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं जीवदया के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया गया। महावीर इंटरनेशनल का उद्देश्य सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।



