महरौनी (ललितपुर)। परम पूज्य गणाचार्य श्री 108 विराग सागर जी महामुनिराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री 108 विकौशल सागर जी महाराज की मंगल प्रेरणा एवं पावन सानिध्य में नवरात्रि पर्व पर आयोजित 10 दिवसीय जाप्य अनुष्ठान श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
आयोजकों के अनुसार, अनुष्ठान में जैन समाज के 100 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर सामूहिक रूप से लगभग 50 लाख मंत्रों का जाप किया। कई साधकों ने प्रतिदिन 14 घंटे तक साधना की, जबकि कुछ श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन 30 से 40 हजार मंत्रों का जाप किया।
महरौनी में पहली बार हुआ आयोजन
महरौनी के जैन समाज में पहली बार आयोजित इस जाप्य अनुष्ठान में लगभग 50 श्रद्धालुओं ने 10 दिनों में 50 हजार से अधिक मंत्रों का जाप पूर्ण किया। आयोजन ने समाज में धार्मिक साधना, आध्यात्मिक चेतना और सामूहिक सहभागिता के प्रति उत्साह बढ़ाया।
शास्त्र सज्जा प्रतियोगिता में महिलाओं की सहभागिता
अनुष्ठान के अंतर्गत महिलाओं के लिए शास्त्र सज्जा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने धार्मिक शास्त्रों एवं पुस्तकों की मरम्मत कर उन्हें सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप से सजाया। इस पहल के माध्यम से धार्मिक साहित्य के संरक्षण और जिनवाणी सेवा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।
26 अक्टूबर को होगा परिणाम घोषित
जाप्य अनुष्ठान में भाग लेने वाले प्रतियोगियों का परिणाम 26 अक्टूबर 2026 को घोषित किया जाएगा। परिणाम को लेकर प्रतिभागियों एवं समाजजनों में उत्सुकता बनी हुई है।
श्रीफल साथी : राजीव सिंघई





