मुंबई/नागदा। ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आइजा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया ने डॉ. प्रदीप बाफना को मध्य प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है। मुंबई में हुई घोषणा के दौरान उन्होंने कहा कि डॉ. बाफना ने मध्य प्रदेश में एक साथ 450 पत्रकारों को संगठन से जोड़कर आइजा को मजबूती प्रदान की है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन पर पुनः विश्वास जताते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।
नई प्रदेश कार्यकारिणी गठित करने का आह्वान
हार्दिक हुंडिया ने कहा कि आइजा जैन समाज में जागरूकता लाने के साथ धर्म में व्याप्त शिथिलाचार एवं आडंबर के विरुद्ध तथ्यपूर्ण आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने डॉ. बाफना से शीघ्र नई प्रदेश कार्यकारिणी गठित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया।
उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव सैनानी के कार्यों की भी सराहना की।
राष्ट्रीय सम्मेलनों का किया स्मरण
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि डॉ. प्रदीप बाफना के नेतृत्व में मांडवगढ़ तथा राजीव सैनानी के नेतृत्व में पूज्य मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के सान्निध्य में अशोकनगर में आयोजित आइजा के राष्ट्रीय सम्मेलन ऐतिहासिक रहे। उन्होंने कहा कि संगठन समाज को जागरूक करने के लिए आगे भी सामूहिक रूप से कार्य करता रहेगा।
डॉ. बाफना ने जताया आभार
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बाफना ने राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर पुनः विश्वास जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और वे आइजा के माध्यम से समाजहित में कार्य करने के लिए तत्पर रहेंगे।
उन्होंने शीघ्र मध्य प्रदेश की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की बात कही।
श्रीफल साथी : जीवनलाल जैन, नागदा




