लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, आशियाना में चातुर्मासरत मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी मुनिराज के सान्निध्य में आगामी 11 अक्टूबर को भव्य एवं विशाल सरस्वती महाअर्चना (श्रुत स्कंध विधान) का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में देशभर से बड़ी संख्या में गुरुभक्तों के पहुंचने की संभावना है।

उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी के सान्निध्य में आयोजन

बुंदेलखंड के प्रथम दिगंबराचार्य विरागसागर जी महाराज के परम प्रभावक आज्ञानुवर्ती शिष्य उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज का मंगल वर्षायोग श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, आशियाना लखनऊ में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ चल रहा है। इसी क्रम में सरस्वती महाअर्चना का आयोजन किया जा रहा है।

3101 इंद्र-इंद्राणी करेंगे अनुष्ठान

आयोजन समिति के अनुसार रविवार 11 अक्टूबर को स्मृति उपवन, सेक्टर-एल, एलडीए कॉलोनी, आशियाना में होने वाले धार्मिक अनुष्ठान में एक साथ 3101 इंद्र-इंद्राणी सम्मिलित होकर विधान करेंगे। आयोजकों के अनुसार लखनऊ के इतिहास में इतने बड़े स्तर पर सरस्वती महाअर्चना का यह पहला आयोजन होगा। उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज के सान्निध्य में यह अनुष्ठान प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।

हजारों श्रद्धालुओं के लिए तैयारियां

आनंदमय पावन वर्षायोग समिति, आशियाना लखनऊ एवं आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की संभावित बड़ी संख्या को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन, आवास, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

विभिन्न शहरों से आएंगे साधर्मी

आयोजन समिति एवं गुरुभक्तों द्वारा विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं को लखनऊ लाने के लिए बसों की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक साधर्मी बंधुओं को इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनाना है।

मुरैना से दो बसों से जाएंगे साधर्मी

मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज के परम भक्त एवं पत्रकार मनोज जैन नायक ने बताया कि मुरैना, मध्य प्रदेश से दो बसों के माध्यम से एक सैकड़ा से अधिक साधर्मी बंधु, माताएं-बहनें एवं युवा साथी इस आयोजन में शामिल होने के लिए 11 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचेंगे

श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह

उन्होंने बताया कि अनुष्ठान में सम्मिलित होने वाले पुरुषों के लिए धोती-दुपट्टा तथा महिलाओं के लिए साड़ी आदि की व्यवस्था आयोजन समिति की ओर से की जाएगी। सरस्वती महाअर्चना को लेकर साधर्मी समाज में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लखनऊ पहुंचने की तैयारियां की जा रही हैं।