कुण्डलपुर। शरद पूर्णिमा की पूर्व बेला पर आयोजित गुरु परंपरा समर्पण समारोह का शुभारंभ 24 अक्टूबर को विशाल अहिंसा वाहन रैली के कुण्डलपुर आगमन से होगा। आयोजन गुरुवर संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महामुनिराज द्वारा दीक्षित एवं विद्याकुल संप्रवाहक आचार्य प्रवर श्री समयसागर जी महाराज के आज्ञानुवर्ती मुनि एवं आर्यिका संघों के मंगल आशीर्वाद से आयोजित किया जा रहा है।
विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचेगे गुरु भक्त
दमोह, हटा, पटेरा, बांदकपुर, पथरिया, बनबार, अभाना, बटियागढ़, नोहटा, तेजगढ़, तेंदूखेड़ा, जबेरा और कुम्हारी सहित विभिन्न नगरों एवं गांवों से गुरु भक्त दोपहिया और चारपहिया वाहनों से कुण्डलपुर पहुंचेंगे। श्रद्धालु बड़े बाबा के चरणों में पहुंचकर गुरुवरों का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
24 अक्टूबर को होंगे धार्मिक कार्यक्रम
प्रचार मंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि इस अवसर पर भक्तामर महामंडल विधान, बड़े बाबा का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन और मुनिसंघ की आहारचर्या होगी।
दोपहर में निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज एवं मुनि श्री पवित्रसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में ध्वजारोहण, मंगलाचरण, दीप प्रज्वलन, चित्र अनावरण एवं मुनिसंघ की मंगल देशना आयोजित होगी। वाणी भूषण प्रतिष्ठाचार्य विनय भैया जी बंड़ा के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न होंगे।
सायंकाल भक्तामर दीप महाअर्चना एवं पूज्य बड़े बाबा की संगीतमय महाआरती होगी।
25 अक्टूबर को सम्मान और विचार-विमर्श
25 अक्टूबर को प्रातः धार्मिक अनुष्ठानों के बाद दयोदय प्रकल्प से जुड़े प्रतिनिधि अपने उद्देश्यों और भावी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत करेंगे। समिति की ओर से उनका सम्मान किया जाएगा।
दोपहर में प्रतिभास्थली, पूर्णायु, भाग्योदय तथा आचार्यश्री की प्रेरणा और मार्गदर्शन में निर्माणाधीन कुण्डलपुर, नेमावर, चंद्रगिरी, रामटेक एवं अमरकंटक से जुड़े प्रतिनिधि अपने कार्यों और भावी योजनाओं पर विचार रखेंगे।
प्रतियोगिता परिणाम और सम्मान समारोह
आयोजन में श्रावक श्रेष्ठियों, दानवीर भामाशाहों एवं विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। निबंध प्रतियोगिता एवं झांकी प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं को पूज्य मुनिसंघ की मंगल देशना का लाभ भी प्राप्त होगा।
श्रीफल साथी : राजीव सिंघई, कुण्डलपुर





