इंदौर। इंद्रपुरी चातुर्मास उत्सव में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व दिवस पर नेमिनगर जैन कॉलोनी में आध्यात्मिक ज्ञान के साथ देश भक्ति का अद्भुत रंग बिखरा। प्रवचन से पहले कई स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक और रंगारंग प्रस्तुति देकर मंगलाचरण किया। उपस्थित जनसमुदाय को सभी बच्चों ने देश भक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। प्राकृताचार्य श्री सुनीलसागर जी ने अपने प्रवचन की शुरूआत ही इन पंक्तियों से की कि ‘हौंसलों के तरकश में कोशिशों का वह तीर जिंदा रखो। हार जाओ चाहे जिंदगी में बहुत कुछ मगर जीतने की उम्मीद जिंदा रखो।’ उन्होंने बच्चों से मुखातिब होते हुए कहा कि हमने तैयारी की थी टॉप की, रिजल्ट में सप्लीमेंट्री आ गई। इससे हार नहीं मानना चाहिए। फिर से मेहनत करना चाहिए।

1003690170.jpg

हमारा देश सबसे पुराना गणतंत्र है

कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होगी। रिजल्ट कभी खराब नहीं आएगा। पिताजी का नाम खराब नहीं होगा। आचार्यश्री ने कहा कि गुलाम शब्दों की डिक्शनरी से एक शब्द धो लो, अब इंडिया नहीं भारत बोला। उन्होंने बताया कि भरत चक्रवर्ती के नाम पर हमारे देश का नाम भारत पड़ा। हमारा देश सबसे पुराना गणतंत्र है। 2700 साल पहले हमारे यहां वैशाली गणतंत्र की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि हमारे देश ने दुनिया को सिखाया है। हमारे आचार-विचार दुनिया ने अपनाए हैं।

1003690173.jpg

दो बोध कथाओं के माध्यम से मोटिवेशन

मंजिल चलने वालों को मिलती है। बस लक्ष्य पक्का हो। ऊंची सोच, कड़ी मेहनत, पक्का इरादा, जो ठान लिया वो करके दिखाना। आचार्य श्री ने कहा कि कभी अपने बारे में नहीं सोचो क्योंकि इस देश के आजाद करवाने के लिए जो शहीद हुए उन्होंने अपना नहीं सोचा, देश का सोचा। अगर वह अपना सोचते तो देश को स्वतंत्रता कभी नहीं हो पाता। उन्होंने बच्चों को दो बोध कथाओं के माध्यम से मोटिवेशन किया।

इन स्कूलों के बच्चों ने की शिरकत

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रगति हायर सेकंडरी स्कूल, नवकार आश्रम, भरत सागर, आदर्श स्कूल, चोइथराम स्कूल, एमराल्ड स्कूल उन्मुक्त आश्रम, सन्मति स्कूल, नेमी विद्या मंदिर स्कूल आदि स्कूल के बच्चों ने ड्राइंग और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। सभी बच्चों को पुरस्कार और प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार प्रगति हायर सेकंडरी के हरजीतसिंह गुर, द्वितीय पुरस्कार मोनिशा बाकलीवाल, तृतीय पुरस्कार आराध्या बड़जात्या और दिवा अजमेरा को प्रदान किया गया।

पोस्टरों का विमोचन

इस अवसर पर पोस्टरों का विमोचन आचार्यश्री के सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर आनंद गोधा, संदीप गंगवाल, इंद्र सेठी, संदीप संगीता जैन मोयरा सरिया, कैलाश लुहाड़िया, प्रदीप सेठी, देवेंद्र सेठी सहित अन्य समाजजन मौजूद रहे।

इन स्कूल के बच्चों ने प्रस्तुति दी

कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति और मंगलाचरण गीतों की प्रस्तुति दी। इनमें उन्मुक्त आश्रम और सन्मति स्कूल के बच्चों की इस प्रस्तुति ने पांडाल में माहौल ही बदल दिया।

इन्होंने किया पाद प्रक्षालन

आचार्यश्री के पाद प्रक्षालन के लिए विनोद ठोलिया परिवार, भानूकुमार जैन, आनंद गोधा, नवीन गोधा और इंद्र सेठी, कैलाश लुहाडिया आदि मौजूद रहे। इन्हीं सब लोगों ने दीप प्रज्वलन भी किया। इस अवसर पर मुनि श्री सुबुद्ध सागर जी महाराज ने बताया कि शनिवार को नेमिनगर जैन कॉलोनी में आचार्यश्री ससंघ के सानिध्य में मनोकामना विधान किया जाएगा। वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां से सुबह 6.30 बजे तिरंगा यात्रा आचार्यश्री सुनीलसागर जी के सानिध्य में आरंभ होगी। साढ़े सात बजे राजवाड़ा पहुंचेगी। वहां उनके प्रवचन होंगे।