आगरा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर कलाकुंज, मारुति स्टेट, शाहगंज में वात्सल्य सेवा समिति कलाकुंज-अवधपुरी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 44 दिवसीय पार्श्वनाथ कल्याण स्रोत मंदिर विधान को लेकर बुधवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। आयोजन समिति के सदस्यों ने विधान की विस्तृत जानकारी एवं कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। इस अवसर पर विधान की आमंत्रण पत्रिका का विधिवत विमोचन किया गया।

16 अगस्त से होगा धार्मिक आयोजन

आयोजकों ने बताया कि गणधराचार्य कुंथु सागर जी महाराज एवं क्षुल्लिका सुमैत्री श्री माता जी की विशेष अनुकंपा से विधान का शुभारंभ 16 अगस्त को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ होगा। 44 दिनों तक चलने वाले इस विधान में भगवान पार्श्वनाथ की आराधना, पूजन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।

मंदिर परिसर में तैयारियां तेज

विधान को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाने के साथ श्रद्धालुओं के बैठने, पूजन-अर्चन, प्रसाद सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।

गणमान्यजन रहेंगे उपस्थित

आयोजक अजय जैन मास्टर ने बताया कि 16 अगस्त को विधान के शुभारंभ अवसर पर विशेष अतिथियों के रूप में माननीय नवीन जैन, राज्यसभा सांसद, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मीनाक्षी वर्मा, पार्षद पीयूष जैन एवं डिप्टी सीएमओ सहित गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।

इसके बाद विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ श्री पार्श्वनाथ विधान का शुभारंभ किया जाएगा। विधान जिनेंद्र जैन शास्त्री द्वारा धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान

वात्सल्य सेवा समिति की अध्यक्ष रश्मि जैन ने बताया कि 44 दिवसीय पार्श्वनाथ कल्याण स्रोत मंदिर विधान को लेकर तैयारियां तेज गति से चल रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उनकी सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

उन्होंने समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में विधान में शामिल होकर भगवान पार्श्वनाथ की आराधना एवं धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।

ध्वजारोहण एवं मंगल कलश का सौभाग्य

समिति की मंत्री उपासना जैन ने बताया कि विधान के शुभारंभ अवसर पर ध्वजारोहण का सौभाग्य दीपचंद जैन एवं सुलोचना जैन को प्राप्त होगा। दीप प्रज्ज्वलन नीलिमा जैन एवं नवनीत जैन द्वारा किया जाएगा।

वहीं मुख्य मंगल कलश स्थापना का सौभाग्य मुनेन्द्र जैन एवं शिखा जैन परिवार को प्राप्त होगा। 44 दिनों तक चलने वाला यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण से परिपूर्ण रहेगा।

आयोजन समिति की सहभागिता

इस अवसर पर दीपचंद जैन, अजय जैन मास्टर, नरेंद्र कुमार जैन सीए, दिव्यांशु जैन, राजेंद्र जैन, आगम जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, रतिभा जैन, सुनीता जैन, विमलेश जैन सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

भगवान पार्श्वनाथ की आराधना का अवसर

आयोजन समिति ने बताया कि 44 दिवसीय विधान के माध्यम से समाजबंधुओं को भगवान पार्श्वनाथ की आराधना, पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़कर आत्मशुद्धि और धर्मलाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण है।