बकस्वाहा। तहसील अंतर्गत सुविख्यात श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र रेशंदीगिरि नैनागिरि में बुधवार, 19 अगस्त 2026 को जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पारसनाथ का 2803वां निर्वाण महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

महामस्तकाभिषेक और शांतिधारा

जैन तीर्थ रेशंदीगिरि नैनागिरि ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी ने बताया कि बुंदेलखंड की पर्वतमाला में स्थित इस सिद्धक्षेत्र में भगवान पारसनाथ के मोक्ष निर्वाण कल्याणक के अवसर पर प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

इस दौरान भगवान पारसनाथ का महामस्तकाभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन विधि-विधान से संपन्न किया जाएगा।

निर्वाण लाडू किया जाएगा समर्पित

निर्वाण कल्याणक के पावन अवसर पर भगवान पारसनाथ के चरणों में निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा। श्रद्धालु भगवान की आराधना कर मोक्ष कल्याणक की अनुमोदना करेंगे और पुण्यार्जन करेंगे।

देशना स्थली पर होगा वृक्षारोपण

धार्मिक आयोजनों के उपरांत पारसनाथ देशना स्थली परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

तीर्थ की ऐतिहासिक धार्मिक पहचान

रेशंदीगिरि नैनागिरि जैन समाज का प्रसिद्ध सिद्धक्षेत्र है। यह क्षेत्र बरदत्तादि ऋषिराजों की मोक्ष-निर्वाण स्थली तथा भगवान पारसनाथ की समवशरण स्थली के रूप में धार्मिक महत्व रखता है। मान्यता के अनुसार गजराज वज्रघोष की भी यह स्वर्ग स्थली रही है।

प्रबंध समिति की बैठक

निर्धारित कार्यक्रमों के बाद प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं शाम को ट्रस्ट कमेटी की बैठक भी होगी, जिसमें तीर्थ क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

सधर्मी बंधुओं से सहभागिता का आग्रह

जैन तीर्थ रेशंदीगिरि नैनागिरि की कमेटी ने सभी सधर्मी बंधुओं से आग्रह किया है कि भगवान पारसनाथ के निर्वाण महोत्सव के इस पावन अवसर पर सपरिवार तीर्थ क्षेत्र पहुंचें और सभी धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागी बनकर तीर्थ वंदना एवं पुण्यार्जन करें।