कुण्डलपुर (दमोह)। ज्ञान प्राप्ति के लिए जिज्ञासा, लगन और निरंतर स्वाध्याय आवश्यक है। कोई भी ग्रंथ छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि उसके अध्ययन से प्राप्त होने वाला ज्ञान जीवन की दिशा बदल सकता है" यह उद्गार मुनिश्री समतासागर जी महाराज ने प्रातः कालीन धर्म सभा में व्यक्त किए। मुनिश्री ने कहा कि कभी-कभी एक छोटी-सी पुस्तक भी व्यक्ति के जीवन में बड़े परिवर्तन का माध्यम बन जाती है। ज्ञान एक साथ अर्जित नहीं होता, बल्कि नियमित अध्ययन, श्रवण, चिंतन और मनन से धीरे-धीरे विकसित होता है। प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि मुनि श्री ने आचार्य गुरुवर विद्यासागर महाराज के जीवन का प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए मुनिश्री ने कहा कि ब्रह्मचारी अवस्था में आचार्य श्री जब देशभूषण महाराज के संघ में थे, तब उन्हें हिंदी भाषा का ज्ञान नहीं था, वे केवल कन्नड़ भाषा जानते थे। देशभूषण महाराज वृद्ध थे और संघ भी बड़ा था, इसलिए उन्हें अध्ययन के लिए अधिक समय नहीं मिल पाता था।
हिंदी सीखने की पहली पुस्तक यही थी
संघ में आचार्य श्री की जिम्मेदारी कमरों की साफ-सफाई करने की थी। एक दिन सफाई के बाद कचरा डालने जाते समय उनकी नजर कचरे के ढेर में पड़ी एक छोटी-सी पुस्तक पर गई। उन्होंने उसे उठाकर देखा तो उसके पन्नों पर धूल और मिट्टी जमी हुई थी। पुस्तक को साफ किया तो उसमें हिंदी में प्रश्न और उनके उत्तर लिखे हुए मिले। उनके मन में विचार आया कि इस पुस्तक के माध्यम से हिंदी भाषा सीखने के साथ धर्म का ज्ञान भी प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने पुस्तक को संभालकर अपने पास रख लिया। आचार्य श्री संघ में बताया करते थे कि हिंदी सीखने की पहली पुस्तक यही थी, जिसका नाम ‘जैन सिद्धांत प्रवेशिका’ था। इसके लेखक पंडित गोपालदास जी बरैया थे। इस पुस्तक के प्रश्नोत्तर का नियमित अध्ययन करते हुए उन्होंने हिंदी भाषा सीखी और जैन सिद्धांतों का ज्ञान भी अर्जित किया। मुनि श्री ने कहा कि यह प्रसंग बताता है कि एक व्यक्ति की असावधानी से ज्ञानवर्धक पुस्तक कचरे के ढेर में पहुंच गई, लेकिन दूसरे व्यक्ति की जागरूकता और ज्ञान प्राप्त करने की ललक ने उसी पुस्तक को जीवन की अमूल्य निधि बना दिया।
जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करना ज्ञानवृद्धि के प्रमुख साधन
पुस्तक का महत्व उसके आकार या बाहरी स्वरूप से नहीं, बल्कि उसमें समाहित ज्ञान से होता है। इसलिए किसी भी ग्रंथ को अनुपयोगी नहीं समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि शास्त्रों का स्वाध्याय, प्रवचन श्रवण, धर्मचर्चा और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करना ज्ञानवृद्धि के प्रमुख साधन हैं। व्यक्ति जितना अध्ययन करता है, उतनी ही नई जानकारियां और जीवनोपयोगी सिद्धांत उसके सामने आते हैं। ज्ञान की साधना निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। इसके लिए प्रतिदिन कुछ समय निकालकर धार्मिक साहित्य का अध्ययन करना चाहिए। मुनि श्री ने प्रथमानुयोग के ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि चौबीसी पुराण, महावीर पुराण, वर्धमान चरित्र और श्रेणिक पुराण जैसे अनेक महत्वपूर्ण ग्रंथ अपभ्रंश एवं संस्कृत भाषाओं में रचे गए हैं। इनका अध्ययन भी जिनवाणी की आराधना है। भाषा कोई भी हो, महत्वपूर्ण यह है कि हम उसमें निहित धर्म, दर्शन और सिद्धांतों को समझकर अपने जीवन में उतारें। उन्होंने प्रेरणा दी कि स्वाध्याय को जीवन की नियमित साधना बनाएं।
ज्ञान,साधना एवं भारतीय संस्कृति के महान संवाहक बने
ज्ञान की आराधना कभी व्यर्थ नहीं जाती। आचार्य विद्यासागर महाराज का जीवन इसका अनुपम उदाहरण है, जिन्होंने एक छोटी-सी पुस्तक से हिंदी सीखने की शुरुआत की और आगे चलकर ज्ञान,साधना एवं भारतीय संस्कृति के महान संवाहक बने। मुनि श्री ने बताया कि किस तरह क्षुल्लक श्री गणेश प्रसाद वर्णी भी प्रथमानुयोग के ग्रंथ पद्मपुराण की वाचना सुनकर रात्रि भोजन का त्याग कर घर से निकाल दिए जाने पर चिरौंजाबाई के घर में रहकर पठन-पाठन कर विद्वान बने और स्वाद्वाद विद्यालय की बनारस में स्थापना कर जगह-जगह पाठशालाएं खोली। प्रथमानुयोग के कथानक बोधि समाधि में कारण बनते हैं।





