आगरा। जनगणना 2027 में जैन समाज की सही एवं वास्तविक संख्या दर्ज हो तथा प्रत्येक जैन परिवार की धार्मिक पहचान का सही उल्लेख किया जाए, इस उद्देश्य से आगरा दिगम्बर जैन परिषद ने जिलाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. मनीष बंसल (आईएएस) को एक महत्वपूर्ण पत्र भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।परिषद ने अपने पत्र में कहा है कि वर्ष 1933 से आगरा के दिगम्बर जैन समाज का प्रतिनिधित्व कर रही संस्था के रूप में परिषद इस विषय को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। वर्ष 2014 में जैन समाज को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक का दर्जा मिलने के बाद यह पहली जनगणना है, इसलिए इस बार जैन समाज की सही गणना विशेष महत्व रखती है।परिषद के अनुसार जनगणना 2011 में जनपद आगरा की कुल जनसंख्या में जैन समाज की भागीदारी लगभग 0.49 प्रतिशत तथा आगरा नगर में लगभग 1.04 प्रतिशत दर्ज की गई थी। परिषद का मानना है कि अनेक परिवारों द्वारा धर्म के स्थान पर अपनी बिरादरी अथवा सम्प्रदाय का नाम बताए जाने और उपनाम के आधार पर धर्म का अनुमान लगाए जाने के कारण जैन समाज की वास्तविक संख्या पूरी तरह सामने नहीं आ पाती।

जनगणना 2027 की प्रक्रिया डिजिटल है

परिषद ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया है कि जनपद के कुछ क्षेत्रों से ऐसी जानकारी प्राप्त हो रही है कि स्वगणना की अवधि में ही कुछ गणक घर-घर जाकर कागजी फॉर्म वितरित कर रहे हैं तथा उन्हें भरकर बाद में लौटाने के लिए कह रहे हैं। कुछ स्थानों पर घर जाकर प्रश्न पूछकर कागज पर जानकारी लिखने की भी शिकायतें मिली हैं।परिषद ने स्पष्ट किया है कि जनगणना 2027 की प्रक्रिया डिजिटल है। अतः गणक परिवार के सामने मोबाइल ऐप में ही सभी जानकारियां दर्ज करें, जिससे परिवार अपनी जानकारी स्वयं स्क्रीन पर देखकर उसकी पुष्टि कर सके। स्वगणना कर चुके परिवारों की SE ID भी फोन पर लेने के बजाय गणक स्वयं घर आकर परिवार की उपस्थिति में ऐप में प्रविष्टि करें।

स्वयं अपनी जनगणना करें, SE ID सुरक्षित रखें

जैन धर्म है, जाति नहीं' — गणकों को स्पष्ट प्रशिक्षण देने की मांग परिषद ने अपने पत्र में विशेष रूप से आग्रह किया है कि धर्म का कॉलम प्रत्येक परिवार से पूछकर ही भरा जाए। उपनाम, मोहल्ले अथवा बिरादरी के आधार पर धर्म का अनुमान न लगाया जाए। यदि कोई परिवार 'दिगम्बर', 'श्वेताम्बर' अथवा अपनी बिरादरी का नाम बताता है, तो उससे विनम्रतापूर्वक धर्म के बारे में पुनः पूछा जाए। परिषद ने स्पष्ट किया है कि जैन एक धर्म है, जाति नहीं। जनगणना के धर्म वाले कॉलम में 'जैन' तथा जाति वाले कॉलम में परिवार की वास्तविक जाति, जैसे पद्मावती पुरवाल, जैसवाल, अग्रवाल, वरैया आदि दर्ज की जानी चाहिए।इसके लिए परिषद ने सभी गणकों एवं पर्यवेक्षकों की ब्रीफिंग में इन बिंदुओं को शामिल करने तथा जैन मंदिरों, नसिया जी और जैन बहुल क्षेत्रों में तैनात गणकों को विशेष रूप से जागरूक करने का अनुरोध किया है।

जैन समाज की वास्तविक जनसंख्या सही रूप में दर्ज हो सकेगी

समाज की ओर से भी सहयोग का आश्वासन आगरा दिगम्बर जैन परिषद ने बताया कि वह मंदिरों एवं समाज के माध्यम से प्रत्येक जैन परिवार को स्वयं अपनी जनगणना करने, SE ID सुरक्षित रखने तथा गणक को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जागरूक कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर समाज के स्वयंसेवक भी गणकों के सहयोग के लिए तैयार हैं।परिषद ने विश्वास व्यक्त किया कि जिलाधिकारी के आवश्यक निर्देशों से आगरा में जनगणना का कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न होगा तथा जैन समाज की वास्तविक जनसंख्या सही रूप में दर्ज हो सकेगी।पत्र पर आगरा दिगम्बर जैन परिषद के अध्यक्ष एवं महामंत्री की ओर से हस्ताक्षर किए गए हैं। इसकी प्रतिलिपि सूचनार्थ उत्तर प्रदेश की निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय, शीतल वर्मा (आईएएस) को भी प्रेषित की गई है।