सभी आवेदनों की जांच का कार्य प्रगति पर है। आवेदनों की जांच के पश्चात सम्मानित होने वाले बच्चों की सूची का प्रकाशन होगा। सर्वश्रेष्ठ तीन प्रतिभाओं को लैपटॉप एवं सर्वश्रेष्ठ दस प्रतिभाओं को सोने की गिन्नी (स्वर्ण पदक) एवं सभी चयनित प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न (शील्ड), रजत पदक, ब्रांडेड बैग एवं अनेकों आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सेवा न्यास द्वारा निरन्तर छः वर्षो से प्रतिभा सम्मान का आयोजन किया जा रहा है।

यह षष्टम आयोजन पुनः आगरा में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक एवं स्मारिका सम्पादक रूपेश जैन (उत्तम नगर) दिल्ली के अनुसार इस अवसर पर प्रकाशित बहुरंगीन स्मारिका में सभी चयनित छात्र-छात्राओं का सम्पूर्ण परिचय प्रकाशित किया जाता है। यह स्मारिका सभी बच्चों को निःशुल्क प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले सभी चयनित छात्र-छात्राओं एवं उनके साथ आने वाले एक अभिभावक को आने-जाने का मार्ग व्यय (रेल्वे स्लीपर क्लास) प्रदान किया जाएगा।
साथ ही सभी को आवास, नाश्ता, भोजनादि की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में अनेकों प्रतिभाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये जाएंगे। न्यास परिवार ने सभी चयनित प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।




