भोपाल/इंदौर, 6 अक्टूबर। भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद आलोक शर्मा ने निर्माणाधीन हबीबगंज मेट्रो स्टेशन का नाम आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज के नाम पर किए जाने की घोषणा की। कार्यक्रम में नवाचार्य आचार्य श्री समयसागर जी महाराज की उपस्थिति रही।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि प्रस्तावित नामकरण को जैन समाज ने आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा, आशीर्वाद और पावन स्मृति को समर्पित पहल के रूप में स्वागत किया है।
संयम, अहिंसा और मानव कल्याण की स्मृति
आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज का जीवन अहिंसा, संयम, त्याग, शिक्षा, स्वावलंबन एवं मानव कल्याण के संदेश को समर्पित रहा। समाजजनों ने कहा कि उनके नाम से सार्वजनिक स्थल की पहचान आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर आचार्य श्री समयसागर जी महाराज ने कहा, “गुरुजी के प्रकल्पों को पूर्ण करना ही मेरा विकल्प है।”
समाज ने किया स्वागत
राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के राकेश गोहिल, मयंक जैन, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेन्द्र जैन, अमित कासलीवाल, हंसमुख गांधी, टी.के. वेद, महिला परिषद की संभागीय अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता जैन तथा रेखा जैन सहित सकल जैन समाज ने सांसद आलोक शर्मा एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेट्रो स्टेशन के नामकरण की प्रक्रिया सक्षम प्राधिकरणों की औपचारिक स्वीकृति एवं अधिसूचना के बाद प्रभावी होगी।
श्रीफल साथी : राजेश जैन दद्दू, इंदौर





