पाडवा। पाडवा में आचार्य श्रेय सागर महाराज ससंघ सानिध्य वर्षायोग समापन पर सकल बीसा नरसिंहपुरा दिगम्बर जैन समाज के 5 दिवसीय इन्द्र ध्वज महामण्डल विधान शनिवार को प्रातः प्रतिष्ठाचार्य विनोद पगारिया विरल के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक आयोजन के साथ सर्व शांति महायज्ञ की पूर्णाहूति के साथ सम्पन्न हुआ। पाडवा जैन समाज के संरक्षक कांति लाल मेहता ने बताया कि इस अवसर पर शनिवार को प्रातः प्रतिष्ठाचार्य पगारिया के मंत्रोच्चारण के साथ अंकिता भुवनेश जगावत परिवार द्वारा महावीर भगवान का अभिषेक कर विश्व शांति कामनार्थ शांतिधारा की गई।

458 ध्वजा के साथ अष्ट द्रव्य श्रीफल युक्त अर्घ्य चढ़ाए

इसके बाद इन्द्र-इन्द्राणी समूह द्वारा नवदेवता पूजा की गई। साथ ही आचार्य श्रेय सागर महाराज, मुनि सुदर्शन सागर महाराज तथा गणिनी आर्यिका श्रेयमती माताजी, आर्यिका श्रेष्ठमती माताजी के सानिध्य में मंत्रोच्चारण के साथ 12 गुणा 12 फीट के विशाल इन्द्र ध्वज विधान मण्डप पर 458 ध्वजा के साथ अष्ट द्रव्य श्रीफल युक्त अर्घ्य चढ़ाए गए। जयंतीलाल कुण्डलिया निठाउवा परिवार द्वारा आचार्य श्रेय सागर महाराज का पाद प्रक्षालन किया गया।

प्रभु की पूजा पुण्यदायक होती है

विधान पूजन में सभी श्रावक-श्राविकाओं ने संगीत की स्वर लहरियों के साथ समुच्चय जयमाला का विशाल अर्घ चढ़ाया। इस अवसर पर धर्म सभा में आचार्य श्रेय सागर महाराज ने धर्म सभा को संबोधित करते हुए कहा कि श्रावक को भगवान की पूजा दिन में तीन बार करनी चाहिए और भोजन एक बार करना चाहिए, लेकिन आज उल्टा हो गया है। प्रभु की पूजा पुण्यदायक होती है। आचार्य ने कहा कि एक बार खाए वह योगी, दो बार खाए वह भोगी और बार-बार खाए वह रोगी होता है। इस अवसर पर विश्व शांति महायज्ञ के तहत 61 से अधिक हवन कुण्डों में प्रतिष्ठाचार्य पगारिया द्वारा जैनागम में वर्णित मंत्रोच्चारण के साथ दशांग धूप, घी की आहूति के साथ श्रीफल की पूर्णाहूति की गई। इससे पूर्व शुक्रवार रात्रि में सौधर्म इन्द्र की इन्द्र सभा आयोजित की गई, जिसमें इन्द्र-इन्द्राणी द्वारा तत्व चर्चा की गई।

पिच्छी परिवर्तन समारोह रविवार को

समाज के अध्यक्ष जिग्नेश फलेजिया और नवयुवक मण्डल अध्यक्ष हेमेन्द्र पगारिया ने बताया कि रविवार को मध्यान्ह में आचार्य श्रेय सागर महाराज ससंघ के जन्म भूमि वर्षायोग समापन अवसर पर पिच्छिका परिवर्तन होगा, जिसमें श्रावकों द्वारा आचार्य संघ को नूतन मयूर पिच्छिका प्रदान की जाएगी।