देहरा-तिजारा। अतिशय क्षेत्र देहरा-तिजारा इन दिनों धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में रंगा हुआ है। 15 नवंबर रविवार को यहां श्रद्धा और भव्यता के साथ 54वां विमर्श उत्सव, भगवती जिनदीक्षा महोत्सव, विमर्श सिद्धांत महोत्सव एवं भव्य चिन्ह परिवर्तन समारोह होगा। आचार्य श्री विमर्शसागर जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव में देशभर से हजारों गुरु भक्तों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव की पूर्व बेला पर 14 नवंबर को धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। प्रातःकाल चतुर्विध संघ की आहारचर्या के अंतर्गत चारों दीक्षार्थियों को आगामी संयममय जीवन की आहार विधि का अभ्यास कराया गया। इस पावन अवसर पर सैकड़ों श्रावक-श्राविकाओं ने भक्तिभाव से दीक्षार्थियों को आहारदान कर पुण्यार्जन किया तथा उनके भावी संयम जीवन की अनुमोदना की।

भव्य विनौली यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

शनिवार को नगर के प्रमुख मार्गों से चारों दीक्षार्थियों की भव्य विनौली यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह मंगल स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने दीक्षार्थियों की गोद भराई कर मंगल तिलक लगाया, दीप प्रज्वलित किए और उनके भावी संयममय जीवन के लिए मंगलकामनाएं कीं। भक्ति और उत्साह से सराबोर विनौली यात्रा नगर भ्रमण करते हुए देहरा जैन मंदिर पहुंची। यहां आचार्य संघ के सानिध्य में ‘श्री चन्द्रतीर्थ मण्डप’ में दीक्षार्थियों की पुनः मंगल गोद भराई की गई।

एक शाम चंदा बाबा और गुरुवर के नाम में झूमे श्रद्धालु

इस महोत्सव का विशेष महत्व इसलिए भी है कि 15 नवंबर 1973 को सुन्देलखंड के जतारा नगर में परम पूज्य आचार्य श्री 108 विमर्शसागर जी महाराज का जन्म माता भगवती देवी एवं पिता श्री सन्तकुमार जी के घर हुआ था। गृहस्थ अवस्था में उनका नाम श्री राकेश कुमार जैन था। आचार्य श्री के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर 14 नवंबर को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक द्वारा ‘एक शाम चंदा बाबा और गुरुवर के नाम’ भक्तिमय संध्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया। 15 नवंबर को होने वाले मुख्य महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। धार्मिक अनुष्ठानों, गुरु भक्ति और जिनशासन की आराधना के बीच अतिशय क्षेत्र देहरा-तिजारा एक बार फिर धर्म और अध्यात्म के भव्य केंद्र के रूप में सजेगा।

इनका सहयोग भी सराहनीय रहा

महोत्सव की व्यवस्थाओं एवं आयोजन को सफल बनाने में मंदिर अध्यक्ष मुकेश जैन, महामंत्री नरेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष शिंभू जैन, प्रचार मंत्री उमंग जैन, चातुर्मास अध्यक्ष सुरेश जैन (पटेल), अमन जैन, शैलू जैन, निर्मल जैन, विजय जैन, दीपक जैन,अंशुल जैन, सचिन जैन एवं वरुण जैन भूमिका निभा रहे हैं।