इंदौर। वात्सल्य वारिधि आचार्य श्री 108 वर्धमानसागर महाराज का आगामी चातुर्मास इंदौर में संपन्न कराने की मंगल भावना को लेकर आचार्य श्री वर्धमानसागर जिन धर्म प्रभावना समिति एवं सकल दिगंबर जैन समाज, इंदौर का 110 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 14 नवंबर को राजस्थान के सीकर के लिए रवाना हुआ।
यह दल भरत ऋतु जैन के नेतृत्व और मुनि श्री पूज्यसागर महाराज के निर्देशन में रवाना हुआ है। वर्तमान में आचार्य श्री वर्धमानसागर महाराज ससंघ सीकर में विराजमान हैं।
15 नवंबर को श्रीफल अर्पित कर होगा निवेदन
यात्रा संयोजक भरत जैन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल 15 नवंबर को सीकर में आचार्यश्री के चरणों में श्रीफल अर्पित कर आगामी चातुर्मास इंदौर में करने हेतु सामूहिक रूप से विनम्र निवेदन करेगा।
प्रतिनिधिमंडल की मंगल भावना है कि आचार्यश्री का चातुर्मास इंदौर में हो, जिससे समाज को उनके पावन सान्निध्य, धर्मोपदेश और आराधना का अवसर प्राप्त हो सके।
समाज के प्रमुखजन शामिल

प्रतिनिधिमंडल में भरत-ऋतु जैन, पूर्व मंत्री दिलीप राजपाल, मनोहर झांझरी, कैलाश वेद, नमिष जैन, महावीर जैन, नकुल पाटोदी, डी.के. जैन, जितेंद्र जैन, जैनेश झांझरी, रेखा संजय जैन, श्रेष्ठी जैन, नवनीत जैन, कमल काला, होलास सोनी, योगेश जैन, संजय जैन, हेमंत जैन, प्रफुल्ल जैन, प्रकाश जैन, अभय पाटोदी, कमलेश टीना जैन, राजेंद्र जैन सहित समाज के 110 प्रमुखजन एवं श्रद्धालु सम्मिलित हैं।
गौरवशाली पट्ट परंपरा के पंचम पट्टाधीश
आचार्य श्री वर्धमानसागर महाराज 20वीं सदी के प्रथमाचार्य, चारित्र चक्रवर्ती आचार्य श्री शांतिसागर महाराज की गौरवशाली पट्ट परंपरा के पंचम पट्टाधीश हैं। दिगंबर जैन समाज में उनका अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मानपूर्ण स्थान है। वह सम्मानपूर्वक मुनि परंपरा के सर्वोच्च पद पर विराजमान है। आपके सानिध्य में श्रवणबेलगोला के तीन महामस्तकाभिषेक हुए है।




