सुभाष नगर में होगी भव्य अगवानी
इंदौर। पूर्वोत्तर क्षेत्र के क्लर्क कॉलोनी जैन समाज को 15, 16 एवं 17 नवंबर को मुनि पुंगव 108 श्री सुधा सागर जी महामुनिराज के ससंघ पावन सान्निध्य का सौभाग्य मिलेगा। आनंद गोधा एवं नवीन गोधा ने बताया कि 15 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे सुभाष नगर में गुरुदेव की भव्य अगवानी की जाएगी। इसके बाद ससंघ मंगल विहार और शोभायात्रा के साथ क्लर्क कॉलोनी जैन मंदिर में मंगल प्रवेश होगा।
आयोजकों के अनुसार, पूर्वोत्तर क्षेत्र में गुरुदेव का यह पहला पदार्पण है। अगवानी में महिलाएं मंगल कलश लेकर और बच्चे जैन ध्वज के साथ शामिल होंगे। समाजजन से परिवार सहित पहुंचकर मंगल आगमन में सहभागी बनने की अपील की गई है।
तीन दिन के कार्यक्रम
15 नवंबर, रविवार को अगवानी, मंगल विहार और मंदिर में मंगल प्रवेश होगा। शाम को गुरुदेव का मंगल आशीर्वचन होगा। 16 नवंबर, सोमवार को प्रातः जिनाभिषेक, शांतिधारा, पूजन, दर्शन, मंगल प्रवचन और स्वाध्याय के कार्यक्रम रखे गए हैं। 17 नवंबर, मंगलवार को प्रातःकाल अभिषेक और प्रवचन के बाद गुरुदेव का मंगल आशीर्वाद एवं विदाई होगी।
सामाजिक संसद अध्यक्ष आनंद गोधा एवं कार्यकारी अध्यक्ष नवीन गोधा ने बताया कि अगवानी के अवसर पर महिला मंडलों की प्रतियोगिताएं भी होंगी। सफेद परिधान में बैनर और तख्तियों के साथ समाजजन शोभायात्रा में शामिल होंगे। आयोजन समस्त पूर्वोत्तर क्षेत्र दिगंबर जैन समाज, सकल दिगंबर जैन समाज धर्म प्रभावना समिति, दिगंबर जैन समाज क्लर्क कॉलोनी और दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के तत्वावधान में होगा।




