इंदौर। परम पूज्य निर्यापक मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में रविवार, 9 अगस्त को इंदौर में जैन युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। दलालबाग, छत्रपति नगर में दोपहर 3 बजे से होने वाले सम्मेलन में बड़ी संख्या में जैन युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

धर्म और संस्कार से जुड़ेगी युवा शक्ति

सम्मेलन का उद्देश्य जैन युवा शक्ति को धर्म, संस्कार, संगठन, सेवा एवं तीर्थ रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ना है। आयोजन में मुनिश्री के ओजस्वी प्रवचन, आशीर्वचन एवं युवाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन प्रमुख आकर्षण रहेगा।

टीम के साथ पहुंचने का आह्वान

विश्व जैन संगठन युवा प्रकोष्ठ, इंदौर की ओर से जैन युवाओं से अपनी-अपनी टीम के साथ अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान किया गया है। आयोजकों का कहना है कि युवाओं की एकजुट भागीदारी से सम्मेलन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जा सकेगा।

सफेद परिधान रहेगा ड्रेस कोड

सम्मलन में शामिल होने वाले युवाओं के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा एवं विशेष टोपी का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। आयोजन को लेकर युवा प्रकोष्ठ की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

मुनिश्री का मिलेगा विशेष मार्गदर्शन

सम्मेलन में युवाओं को धर्म एवं संस्कार के साथ संगठनात्मक एकता, सामाजिक सेवा और तीर्थ संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर रहेगा। मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के सान्निध्य में होने वाला यह आयोजन युवाओं के लिए आध्यात्मिक एवं सामाजिक दशा प्रदान करने वाला अवसर बनेगा।