इंदौर। पर्युषण महापर्व के अवसर पर इंदौर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज में जैन विद्यार्थियों के लिए 18 दिनों तक शुद्ध जैन भोजन की विशेष व्यवस्था पिछले 41 वर्षों से की जा रही है। इस दौरान विद्यार्थियों को संध्या का भोजन भी सूर्यास्त से पहले उपलब्ध कराया जाता है।
मीडिया प्रभारी रुचि चोविश्या जैन ने बताया कि धार्मिक आहार मर्यादाओं का पालन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था लंबे समय से चली आ रही है।
श्वेतांबर और दिगंबर पर्व के दौरान विशेष व्यवस्था
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 8 सितंबर से श्वेतांबर आम्नाय के पर्युषण तथा 16 से 25 सितंबर 2026 तक दिगंबर आम्नाय के दशलक्षण महापर्व को ध्यान में रखते हुए जैन विद्यार्थियों के लिए शुद्ध भोजन की व्यवस्था की गई है।
व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुष्पा पांड्या, श्री दिगंबर जैन महासमिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मंजू अजमेरा, पलासिया महिला मंडल अध्यक्ष नीना पहाड़िया एवं सचिव डिंपल जैन ने प्राचार्या से इसे पूर्ववत जारी रखने का निवेदन किया।
कॉलेज प्रबंधन को सौंपा निवेदन
निवेदन की प्रति बर्सर हर्षवर्धन सिंह को सौंपी गई। इस दौरान पुष्पा पांड्या, मंजू अजमेरा, नीना पहाड़िया एवं डिंपल जैन उपस्थित रहीं।
प्रतिनिधियों ने बताया कि यह व्यवस्था कई वर्षों से नियमित रूप से संचालित की जा रही है। इस वर्ष भी इसे पूर्ण शुद्धता के साथ यथावत बनाए रखने का आश्वासन दिया गया।
41 वर्ष पुरानी परंपरा के लिए जताया आभार
समाज की प्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पर्व के दौरान अपनी धार्मिक आहार मर्यादाओं के पालन में यह व्यवस्था सहयोग देती है।
उन्होंने 41 वर्षों से चली आ रही इस सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा को बनाए रखने में सहयोग के लिए डेली कॉलेज प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।




