सीकर। इंदौर में आगामी चातुर्मास संपन्न कराने की मंगल भावना के साथ इंदौर दिगंबर जैन समाज के विभिन्न मंदिरों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी सीकर पहुंचे। अंतर्मुखी मुनि श्री पूज्यसागर महाराज की प्रेरणा से भरत जैन जीरभार के नेतृत्व में 110 प्रमुखजनों एवं श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री 108 वर्धमानसागर महाराज के चरणों में श्रीफल अर्पित कर विनम्र निवेदन किया। प्रतिनिधिमंडल 14 नवंबर को इंदौर से रवाना हुआ था।
समयदान से साकार होंगे समाज के बड़े कार्य

धर्मसभा में आचार्यश्री ने कहा कि संगठन में शक्ति होती है और संगठित समाज बड़े कार्यों को सहजता से पूर्ण कर सकता है। उन्होंने कहा कि चातुर्मास के लिए केवल श्रीफल अर्पित करना या पूजन करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि धर्मकार्य में समयदान देकर सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है।
आचार्यश्री ने इंदौर को धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर बताते हुए कहा कि वहां का समाज धर्म को जानने, सुनने, समझने और जीवन में अपनाने की भावना रखता है। उन्होंने खान-पान, रहन-सहन और संस्कारों को धर्मानुकूल बनाने की प्रेरणा दी।
धर्म-पुरुषार्थ से आत्मा बनती है परमात्मा

डॉ. राजेश पंचोलिया के अनुसार आचार्यश्री ने धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—इन चार पुरुषार्थों की चर्चा करते हुए कहा कि धर्म-पुरुषार्थ साधु-संतों के समागम से पुष्ट होता है। अरिहंत भगवान द्वारा प्रतिपादित धर्म के अनुसार पुरुषार्थ कर आत्मा को परमात्मा बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि गुरु का सान्निध्य अज्ञानरूपी अंधकार को दूर करता है और गुरुज्ञान का प्रकाश जीवन को सही दिशा देता है।
36 द्रव्यों से हुई पूजन
सकल दिगंबर जैन समाज, इंदौर की ओर से आचार्यश्री की 36 द्रव्यों से पूजन की गई। पूजन आर्यिका श्री महायशमति एवं आर्यिका श्री दिव्ययशमति माताजी ने संपन्न कराई। कार्यक्रम के प्रारंभ में दीप प्रज्ज्वलन, आचार्यश्री का चरण प्रक्षालन और जिनवाणी भेंट की गई।
इस अवसर पर श्रीफल मीडिया समूह, इंदौर द्वारा प्रकाशित प्रवचनांश, श्रीफल पत्रिका एवं अन्य समाचार-पत्रों का विमोचन आचार्यश्री एवं अतिथियों ने किया। कार्यक्रम का संचालन रेखा जैन, इंदौर एवं जिनेश झांझरी ने किया।
इंदौर के प्रमुखजन रहे उपस्थित


प्रतिनिधिमंडल में भरत-ऋतु जैन, नमिष जैन, पूर्व मंत्री दिलीप राजपाल, मनोहर झांझरी, महावीर जैन, कैलाश वेद, निर्मल कासलीवाल, नकुल पाटोदी, डी.के. जैन, जितेंद्र जैन, जैनेश झांझरी, रेखा संजय जैन, श्रेष्ठी जैन, नवनीत जैन, कमल काला, होलास सोनी, योगेश जैन, संजय जैन, प्रफुल्ल जैन, प्रकाश जैन, अभय पाटोदी, कमलेश टीना जैन एवं राजेंद्र जैन सहित 110 प्रमुखजन व श्रद्धालु सम्मिलित रहे।




