आगरा। पारसधाम, छीपीटोला आगरा में आयोजित समवशरण महामंडल विधान के छठवें दिन आत्मसिंचन बाल संस्कार हुआ। कार्यक्रम पट्टाचार्य आचार्य 108 विशुद्ध सागर महामुनिराज के शिष्य मुनि श्री 108 समत्व सागरजी महाराज, मुनि श्री 108 शील सागर महाराज एवं मुनि श्री 108 सुप्रभात सागरजी महाराज के ससंघ सानिध्य में हुआ। विधान में सभी इंद्र-इंद्राणी के साथ सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत इंद्र, ब्रह्म इंद्र ने भक्ति भाव से अष्टद्रव्य एवं अर्घ्य समर्पित कर भगवान जिनेंद्र की आराधना की। विधान के प्रत्येक चरण में भगवान के सहस्त्र नामों का स्मरण करते हुए आत्मकल्याण, धर्मभावना और विश्व शांति की भावना व्यक्त की गई। इसके बाद ब्रह्मचारी तरुण भैया एवं पंडित विकर्ष शास्त्री, पंडित विजय शास्त्री के निर्देशन में धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और हवन किया। मुनि 108 समत्व सागर महाराज ने मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच बालकों और बालिकाओं को संस्कार दिए।

मुनि 108 समत्व सागर महाराज की अमृतमय वाणी

मुनि 108 समत्व सागर महाराज ने अपनी अमृतमय वाणी में कहा कि कार्य की उत्पत्ति में कारण अनिवार्य होता है। जब-जब कार्य होता दिखाई देता है, नियम से उसके पीछे कारण ज्ञात हो जाता है। जब एक कार्य घटित होता है, उसमें दो कारण निहित होते हैं। एक वह है, जो स्वयं कार्य रूप से वर्णित होता है और दूसरा वह है, जो निमित्त रूप से सहकारी, सहयोगी कारक के रूप में उपस्थित होता है। उन्होंने कहा कि हर कार्य आपके जीवन में कैसे घटित होता है, एक होता है स्वयं का उपादान और दूसरा होता है निमित्त। जब तक जीव उन निमित्तों का सानिध्य प्राप्त नहीं करता, जिनसे जीव अपना कल्याण कर सकता है, उपादान के होते हुए भी कार्य घटित नहीं होता। हे भव्य! कार्य तो उपादान से ही होता है, लेकिन आज तक निमित्त के अभाव में कोई भी कार्य संपादित नहीं हुआ। कार्य की शक्ति उपादान में होती है, लेकिन निमित्त के अभाव में वह उपादान भी जागृत नहीं हो पाता।

माचिस की तीली का उदाहरण

मुनि महाराज ने कहा कि हर माचिस की तीली के अंतरंग में अग्नि निहित है। सामने रखी हुई माचिस की डिब्बी में तीलियां हैं, क्या उसमें अग्नि है? अगर उसमें अग्नि नहीं होगी तो अग्नि प्रकट नहीं की जा सकती। और यदि उसमें अग्नि है तो माचिस की डिब्बी बचेगी नहीं, जल जाएगी। अग्नि होने पर भी अग्नि की वह सामर्थ्य उसके अंदर ही है। अग्नि को प्रकट करना हो तो घर्षण की आवश्यकता होती है।

जब-जब आप परेशान होते हैं, आपके अंदर अग्नि लगती है, उसमें भी घर्षण ही काम करता है। चाहे नगर में अग्नि लगी हो, चाहे जंगल में अग्नि लगी हो, चाहे आप स्वयं अग्नि लगाते हों, चाहे आपके अंतरंग में अग्नि लगी हो, सब में घर्षण का बहुत बड़ा महत्व है। जितना घर्षण होगा, दो वस्तुओं में होगा। अगर माचिस की तीली अकेली है, तो वह घर्षण नहीं कर सकती, इसलिए अग्नि नहीं लग सकती। जब-जब घर्षण होगा, तो अग्नि प्रज्वलित हो जाती है।

कषायों की रगड़ से पैदा होती है अशांति

मुनि महाराज ने कहा कि आपके अंदर में क्या शांति है कि संक्लेशता है? यदि संक्लेशता है, तो मान लीजिए और स्वीकार कर लीजिए कि घर्षण बहुत अधिक है। और जब-जब घर्षण होता है, अगर अग्नि प्रज्वलित न भी हो सके, तो गर्मी तो पैदा कर ही देता है। उन्होंने कहा कि जब ठंड लगती है, तो दोनों हाथों को रगड़ते हैं और जैसे ही दोनों हाथों को रगड़ते हैं, गर्मी प्रारंभ हो जाती है। हाथों की गर्मी दो हाथों को आपस में रगड़ने से होती है और परिणामों की गर्मी कषायों की रगड़ से होती है। हम जब-जब हाथ रगड़ते हैं, तो गर्मी पैदा होती है। इसी प्रकार जब हम अंतरंग में बार-बार वही-वही परिणाम करते हैं, तो वही परिणाम मेरे अंतरंग में गर्मी पैदा कर देते हैं, इसलिए शांति नहीं, अशांति मिलती है।

इनकी रही मौजूदगी

इस मौके पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के पंडित विजय जैन शास्त्री, रामेश जैन, प्रवीण जैन, मुकेश जैन, विवेक जैन, राजीव जैन, चक्रेश जैन, शैलेश जैन, आशु वी.के., आशु (बाबा), सनी, विन्नू, सचिन, रोहित, मीडिया प्रभारी राहुल जैन, समस्त मंडल एवं सकल जैन समाज मौजूद था।