इंदौर। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद, मेन शाखा इंदौर के अंजना संभाग ने सामाजिक सरोकारों के तहत इदरीस नगर बस्ती के 27 जरूरतमंद परिवारों को दशहरा पर्व के लिए खाद्य एवं आवश्यक सामग्री वितरित की। इस अवसर पर सेवा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
नवमी पर किया गया सेवा कार्य
परिषद के अनुसार, यह सेवा कार्य प्रत्येक वर्ष नवमी के दिन किया जाता है, ताकि वंचित वर्ग के परिवार भी पर्व की खुशियों में सहभागी बन सकें। कार्यक्रम का शुभारंभ जैन धर्म के मंगल उद्घोष “जियो और जीने दो” के साथ हुआ।
अंजना संभाग की सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मीय संतोष की अनुभूति हुई। परिवारों के चेहरों पर आई मुस्कान को सेवा कार्य का सबसे बड़ा प्रतिफल बताया गया।
सहयोग से जुटाई गई सामग्री
श्रीमती पूनम जैन ने आटा, तेल, शक्कर, चायपत्ती, मसाले, नमक, आलू, बिस्कुट और चिप्स की व्यवस्था की। श्रीमती सुनीता पाटनी ने नमकीन एवं मिठाई का सहयोग दिया।
श्रीमती वंदना जैन, रश्मि जैन, शोभना जैन, शीला जैन एवं मधु जैन ने टॉफी, बिस्कुट तथा अन्य सामग्री उपलब्ध कराई। श्रीमती पुष्पा जैन ने राजगिरी के लड्डू प्रदान किए। संभाग अध्यक्ष श्रीमती अल्पना जैन की ओर से बस्तीवासियों के लिए चाय, कॉफी एवं भेल के नाश्ते की व्यवस्था की गई।
रंगोली प्रतियोगिता और गरबा ने बढ़ाया उत्साह
सामग्री वितरण के साथ बस्ती की महिलाओं के लिए घरों के बाहर रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। उत्कृष्ट रंगोली बनाने वाली महिलाओं को श्रीमती पूनम जैन ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और बच्चों ने मिलकर गरबा किया, जिससे बस्ती का वातावरण उत्सवमय हो उठा।
परिषद सदस्यों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में संभाग अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता जैन, प्रांतीय पदाधिकारी पुष्पा काला, स्मृति जैन सहित परिषद की अन्य सदस्याओं ने सक्रिय सहभागिता की। केंद्रीय अध्यक्ष शकुंतला जैन एवं प्रांतीय अध्यक्ष माधवी जैन ने अंजना संभाग की टीम को सेवा कार्य के लिए साधुवाद दिया।
फोटो कैप्शन : इदरीस नगर बस्ती में आवश्यक सामग्री वितरण के बाद दिगंबर जैन महिला परिषद, अंजना संभाग की सदस्याएं एवं बस्ती की महिलाएं।
श्रीफल साथी : राजेश जैन दद्दू, इंदौर





