आगरा। निर्मल सेवा सदन, छीपीटोला आगरा में आयोजित कार्यक्रम में पूर्वी आगरा में पहली बार 101 फीट ऊँची भव्य जिन शासन ध्वजा स्थापित की गई। यह स्थापना मुनि श्री समत्व सागर महाराज, मुनि श्री शील सागर महाराज और मुनि श्री सुप्रभात सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में हुई। ब्रह्मचारी राकेश जैन पंडित ने विधि-विधान से पूजन और धार्मिक क्रिया संपन्न कराई।इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदीप जैन पी.एन.सी., रमेश चंद जैन, दिनेश चंद जैन, जगदीश प्रसाद जैन, हेमंत कुमार जैन, इन्दर जैन सहित समस्त जैन परिवार ने 101 फीट ऊंची जिन शासन ध्वजा स्थापित की। जिन ध्वज के इस पावन लोकार्पण अवसर पर केवल एक ध्वज स्तंभ का निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के हृदय में धर्म की आस्था, संस्कारों की नींव और जिन शासन के प्रति समर्पण का दीप प्रज्वलित किया गया। बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने हाथों में जिन शासन की धर्म ध्वजा लेकर झूमते-थिरकते हुए अपनी भक्ति भावना प्रकट की। धर्म सभा का शुभारंभ पदाधिकारियों द्वारा आचार्य श्री विराग सागर महाराज के चित्र अनावरण और मुनि श्री के पाद प्रक्षालन से हुआ। मंच संचालन सतेंद्र जैन साहूला ने किया।

जब तक साधन नहीं होता, तब तक सिद्धि नहीं होती

मुनि श्री समत्व सागर महाराज ने अपनी अमृतमय वाणी में कहा कि विश्व का प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में पुरुषार्थ करता है। जिस पुरुषार्थ को वह करता है, उसमें वह सिद्धि चाहता है। अपने साध्य, अपने लक्ष्य को वह सिद्ध करना चाहता है। किंतु जब तक साधन नहीं होता, तब तक सिद्धि नहीं होती और जब साधन के माध्यम से साध्य को सिद्ध कर लिया जाता है, तभी प्रसिद्धि होती है। मार्ग पर चलना, मार्ग पर चलते-चलते साधन का प्रयोग करना, किंतु जब तक अंतिम लक्ष्य न मिल जाए, तब तक ही मार्ग का प्रयोग करना चाहिए।

विजय पताका के साथ जय-जयकार हो जाती है।

धर्म ध्वजा के गौरव और महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने समझाया कि जिस तरह किसी विजय या उपलब्धि पर तिरंगा लहराया जाता है, उसी तरह जिन धर्म का पचरंगा ध्वज अत्यंत ऊँचा और गर्व का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि हर कार्य की सिद्धि के लिए बहुत पुरुषार्थ की आवश्यकता होती है। जब पुरुषार्थ प्रबल होता है, सम्यक होता है, समीचीन पुरुषार्थ किया जाता है, तो एक दिन वह पुरुषार्थ नियम से सफलता दिलाता है, विजय दिलाता है। जहाँ विजय होती है, वहीं जय-जयकार होती है। जिसकी पराजय होती है, वहाँ कोई जय-जयकार नहीं होती। जिसकी विजय होती है, वहाँ विजय पताका होती है, और विजय पताका के साथ जय-जयकार हो जाती है।

जहाँ जब भी विजय होती है, विजय का प्रतीक क्या है?

उन्होंने कहा कि विगत चार महीनों से धर्म की यह प्रभावना, धर्म पुरुषार्थ में यह जीव लगा हुआ है। यदि कोई सैनिक है, जीवन पर्यंत वह मेहनत करता है, वह क्षण उसके लिए बहुत गौरव का क्षण होता है, जब वह कहीं युद्ध के लिए जाए और जो मेहनत की थी, उस युद्ध में वह विजयी हो जाए। वह क्षण को अनुभूत करने के लिए मात्र वही सक्षम होता है, जब वह युद्ध में पहुँच जाता है। कुछ दिनों पूर्व आपके नगर में एक बालिका ने एवरेस्ट पर विजय प्राप्त की थी। हिमालय की सबसे ऊँची और पूरे विश्व की सबसे ऊँची चोटियों में जिसका नाम आता है, जब वहाँ विजय प्राप्त की हो या जब किसी खेल के मैदान में विजय प्राप्त की हो, तब उत्साह अलग ही होता है। विश्व कप हो, अनेक खेल हो रहे हैं, जहाँ जब भी विजय होती है, विजय का प्रतीक क्या है? लाल किले पर तिरंगा फहरा रहा है। यदि उसकी जगह कोई दूसरा ध्वज होता, तो पूरे भारतवर्ष में माहौल ही बदल गया होता। जब-जब किसी किले पर, किसी महल पर कोई अन्य ध्वज फहराता मिल जाता है, विजय पताका की जगह कोई दूसरी पताका वहाँ फहराती है, नियम से पूरे साम्राज्य में एक उदासी सी छा जाती है कि यह क्या हुआ, कल रात तक तो सो रहे थे, तब तो यह मेरा था और आज सुबह हुआ और किसी दूसरे का ध्वज फहर गया है। वह ध्वज प्रतीक है तुम्हारी विजय का।

क्रिकेट खेलने गए तो ग्यारह लोग खेले

उन्होंने कहा कि जब-जब विजय होती है, बहुत उत्साह आता है। लेकिन उस उत्साह को दिखाया कैसे जाए, लोगों तक कैसे पहुँचाया जाए कि यह विजय हुई है। भारत भी खेलने जाते हैं ग्यारह खिलाड़ी। जब भी जय और पराजय होती है, विजय अथवा पराजय होती है, तो भारत की होती है। लेकिन आज तक भारत तो खेलने जाता ही नहीं है। क्रिकेट खेलने गए तो ग्यारह लोग खेले। अनेक हो सकता है एक व्यक्ति खेल रहा हो, कोई चेस खेला जाता है, बैडमिंटन आदि जो गेम खिलाड़ी खेलने जाते हैं, विदेशों तक में जाते हैं, लेकिन वे खेलते हैं। वे खेलते हैं, वे हारते हैं या जीतते हैं, उससे निर्धारित होता है भारत हार रहा है या जीतता है। खेला कितने लोग थे? एक या दो। जीत एक की हुई थी, लेकिन जीता कौन कहलाया? भारत। ऐसे ही आज आप जिस धर्म सभा में बैठे हैं, आपको लगता है कि हम जैन हैं अथवा हम यहाँ पर धर्म सभा में बैठे हैं और धार्मिक हैं, लेकिन धर्म की पराजय वहाँ हो जाती है, जहाँ धार्मिक लोगों के द्वारा कोई गलत काम हो जाता है।

जीत की जश्न में ध्वज का महत्व

उन्होंने कहा कि ग्यारह लोग खेले, ग्यारह लोग जीते और उत्साह पूरा देश मना रहा था। जब उत्साह मनाया गया था, तो सबसे पहले जैसे ही घोषणा होती है, तो अधिकांशतः लोग अपने कंधों पर ध्वज लेकर, तिरंगा लेकर दौड़ना प्रारंभ कर देते हैं और पूरे तिरंगे को देखते ही सबके अंदर उत्साह आ जाता है। पंडित जी कह रहे थे कि वह ध्वज जो है, जहाँ-जहाँ इसकी वायु जाती है, वह नियम से उस स्थान को समृद्धशाली बना देती है, निर्जन होने से रोक देती है। इस मौके पर श्री निर्मल नवयुवक जैन युवा समिति के मुकेश जैन लल्ले, विवेक जैन, आशु जैन, प्रवीण जैन, धर्मेंद्र जैन, अमित जैन, दीपू जैन, बबलू जैन, शैलेश जैन, आनन्द जैन, सचिन जैन, सोनू जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन, समस्त मंडल एवं सकल जैन समाज मौजूद था।