जयपुर। अखिल भारतीय जैन बैंकर्स फोरम, जयपुर के तत्वावधान में परम आत्मीय मित्र तथा फोरम के वर्तमान अध्यक्ष भागचंद जैन बाकलीवाल (मित्रपुरा वाले) के 23 अक्टूबर को असामयिक निधन होने की स्मृति में दुर्गापुरा जैन मंदिर में शनिवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ णमोकार मंत्र एवं भक्तामर स्तोत्र के श्लोक के मंगल वाचन से हुआ। उनके पारिवारिक सदस्य एवं जैन औषधालय के पदाधिकारी अशोक लुहाड़िया ने उनके जीवनवृत्त पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया।

इन समाजजनों ने किया श्रद्धा से याद

सभा में दिगम्बर जैन महासभा राजस्थान के अध्यक्ष कमल बाबू जैन, राजस्थान जैन युवा महासभा के महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा, जैन इंजीनियर्स सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर प्रेम छाबड़ा, मुनि सेवा संघ के मंत्री ओम काला ,धर्म जागृति संस्थान के कोषाध्यक्ष पंकज लुहाड़िया, राजस्थान जैन साहित्य परिषद के मंत्री महावीर चांदवाड़, समग्र जैन युवा सभा के जय कुमार, मंगलम आनंदा के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र जैन, राजस्थान जैन सभा के सदस्य जितेंद्र गंगवाल ,पदमपुरा के सदस्य धन्नु कुमार जैन तथा वरिष्ठ सदस्य जी.एल. जैन आदि वक्ताओं ने भागचंद जी के सहज व्यवहार, सरलता, कर्मठता, सेवाभाव और कार्यों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मौत सामने होते हुए भी हँसते-मुस्कराते हुए जीवन जिया। जैन बैंकर्स फोरम के महामंत्री सुनील काला ने कहा कि उनका सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मीय व्यवहार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

कार्यक्रम का संतुलित एवं भावपूर्ण संयोजन करते हुए फोरम के कार्याध्यक्ष पदम जैन बिलाला कई बार भावुक हो उठे। विशेष रूप से जब भागचंद जैन के प्रति समर्पित ये भावपूर्ण पंक्तियाँ पढ़ी गईं तो उपस्थित जनों की आँखें नम हो गईं—

“जब जाने कौन-सी घड़ी थी, जो आपको हमसे दूर ले गई,

हँसती-बोलती यादों को आँखों में नमी दे गई।

मित्र, आपका जाना केवल एक व्यक्ति का बिछुड़ना नहीं,

यह हमारे जीवन की किताब में एक दर्दभरा पन्ना जोड़ गई।”अंत में शोक-संवेदना संदेश का वाचन किया गया। णमोकार मंत्र के सामूहिक वाचन के पश्चात उपस्थितजन भागचंद जी के निवास पर पहुँचे और परिवारजनों को शोक-संदेश अर्पित कर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।

इनकी भी उपस्थिति रही

सभा में धर्म जागृति संस्थान के संरक्षक राकेश माधोराजपुरा, ओम काला, उपाध्यक्ष राजीव लाखना, मंत्री जीतू गंगवाल, महेश काला, नरेन जैन, सौभाग अजमेरा , प्रकाश गंगवाल , अक्षय जैन , ए पी जैन , तेज कुमार जैन , सुनील बज, अनिल कासलीवाल ,सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा के प्रति विनयांजलि अर्पित करते हुए उनके गुणों, आत्मीयता और सेवाभावी जीवन को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।