आगरा। श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर टीचर्स कॉलोनी,जयपुर हाउस में आचार्यश्री सौभाग्य सागर जी महाराज के आशीर्वाद एवं क्षुल्लिका श्री सुअथेष्ठ मतिमाता जी के मंगल सान्निध्य में शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति के तत्वावधान में हरियाली तीज महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सावन के पावन महीने में आयोजित इस महोत्सव में महिला मंडलों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और सावन के गीतों पर जमकर नृत्य कर कार्यक्रम में रंग भर दिया। हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी महिलाएं रंग-बिरंगी साड़ियों और आकर्षक लहंगा- आदि पहनकर पारंपरिक अंदाज में कार्यक्रम में शामिल हुईं।

पारंपरिक गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए

महिलाओं ने सोलह श्रृंगार और पारंपरिक परिधानों के साथ तीज महोत्सव की सुंदरता को और बढ़ा दिया।कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की रंग-बिरंगी वेशभूषा और सावन के गीतों से उत्सव जैसा माहौल नजर आया। महोत्सव में शांतिनाथ महिला मंडल जयपुर हाउस एवं स्वास्तिक महिला मंडल का विशेष सहयोग रहा। महिलाओं ने देशभक्ति गीतों के साथ-साथ सावन के पारंपरिक गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों पर महिलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का उत्साह बढ़ाया। वहीं सावन के गीतों पर हुए नृत्य ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया।

नोरंजक गतिविधियां आयोजित की

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं, गेम्स, लक्की ड्रॉ सहित अनेक मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं ने प्रतियोगिताओं और गेम्स में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान तीन हरियाली तीज क्वीन का चयन भी किया गया, जिसके लिए प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में रुचि जैन एवं नीतिका जैन का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। पूजा जैन ने मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम को आकर्षक एवं जीवंत बनाए रखा।

इन्होंने की कार्यक्रम में सहभागिता

कार्यक्रम में सीमा जैन, वंदना जैन, राखी रावंका, अनु जैन, एकता जैन, निधि जैन, सोनल जैन, कल्पना जैन, मालती जैन, सरिता काला, प्रिया जैन, शिल्पी जैन एवं रूबी जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।

सहयोगियों का आभार जताया

आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष राकेश जैन पर्देवाले एवं मंत्री दीपक जैन व बौबी भाई का भी सहयोग रहा। महोत्सव के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, महिला मंडलों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सावन के गीतों, पारंपरिक परिधानों, नृत्य, प्रतियोगिताओं और मनोरंजक कार्यक्रमों से सजा यह हरियाली तीज महोत्सव महिलाओं के लिए उल्लास, उमंग और आनंद का यादगार अवसर बन गया।