इंदौर। श्री दिगंबर जैन समाज, नेमीनगर (जैन कॉलोनी), इंदौर एवं इंद्रपुरी चातुर्मास उत्सव कमेटी 2026 के तत्वावधान में सन्मति प्रीमियर लीग (SPL) का भव्य शुभारंभ 21 अगस्त से हुआ। धार्मिक क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों एवं सहभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को रोमांचक बना दिया। SPL की विशेषता यह रही कि यहां क्रिकेट के रोमांच के साथ धार्मिक प्रश्नोत्तरी, धार्मिक ज्ञान, संस्कार एवं टीम भावना का अनोखा संगम देखने को मिला। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। प्राकृताचार्य, चतुर्थ पट्टाधीश आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद एवं प्रेरणा से आयोजित इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं बच्चों को खेल के माध्यम से धर्म और संस्कारों से जोड़ना है।

कार्यक्रम में आरती के बाद आचार्य श्री का मंगल आशीर्वाद प्राप्त हुआ। जिससे वातावरण भक्तिमय एवं ऊर्जामय हो उठा। इस अवसर पर आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज ने अपने उद्बोधन में जीवन के उद्देश्य को लेकर प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ सांस लेना जिंदगी नहीं है, जीवन का कोई लक्ष्य होना चाहिए। इंसान का चोला मिला है तो अंदर एक सच्ची आत्मा और सच्चा भाव होना चाहिए। एक दिन सभी को इस दुनिया के सर्वर से आउट हो जाना है, लेकिन जब तक हम लाइव हैं तब तक हमारे जीवन का कोई अच्छा रोल होना चाहिए और अच्छाई का रोल होना चाहिए।

खिलाड़ियों ने खेल के साथ धार्मिक ज्ञान का परिचय दिया

उन्होंने युवाओं को पुरानी राहों को छोड़कर नए और बेहतर मुकाम की ओर बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि मनुष्य जीवन केवल धन कमाने के लिए नहीं मिला है। धर्म, ध्यान और आत्मकल्याण ही इस जीवन को सार्थक बनाने में सहायक हैं। अनेक जन्म-मरण के चक्र के बाद प्राप्त इस मानव शरीर का सदुपयोग करते हुए व्यक्ति को अपने जीवन का वास्तविक उद्देश्य समझना चाहिए। सन्मति प्रीमियर लीग में प्रत्येक मुकाबले के साथ धार्मिक प्रश्नों ने प्रतियोगिता में ज्ञान और उत्सुकता का नया रंग भर दिया। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ धार्मिक ज्ञान का भी परिचय दिया।

आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, सहयोग, संस्कार और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी माध्यम बन सकता है। SPL के माध्यम से युवाओं को एक ऐसा मंच मिला, जहां खेल का रोमांच, धर्म का ज्ञान, संस्कारों की सीख और टीम भावना एक साथ देखने को मिल रही है। सभी खिलाड़ियों एवं सहभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। खेलिए, सीखिए, धर्म से जुड़िए और जीतिए” के संदेश के साथ सन्मति प्रीमियर लीग खेल एवं धर्म के सुंदर समन्वय का उदाहरण बन रही है। प्रतियोगिता के आयोजक श्री दिगंबर जैन समाज, नेमीनगर (जैन कॉलोनी), इंदौर है।