भीलवाड़ा। भारतवर्षीय दिगंबर जैन गोलालारे समाज समिति सोनागिर न्यास के पदाधिकारियों ने राजस्थान के जिला भीलवाड़ा में विराजमान आचार्य श्री पुलक सागरजी को शिलान्यास के लिए सिद्ध क्षेत्र सोनागिर आगमन हेतु श्रीफल भेंट कर मंगल आशीर्वाद लिया।

शुक्रवार को सोनागिर न्यास के पदाधिकारी आचार्यश्री पुलक सागरजी के दर्शन के लिए भीलवाड़ा पहुंचे। इस दौरान सोनागिर न्यास के अध्यक्ष अनिल जैन ने आचार्य पुलक सागर के समक्ष सोनागिर सिद्ध क्षेत्र में गोलालारे समाज सेवा सदन मंदिर की भूमि पूजन और शिलान्यास के लिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने न्यास के प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी दी और आचार्य से सोनागिर पधारकर शिलान्यास संपन्न कराने का निवेदन किया।

आचार्य श्री ने सोनागिर पधारने की सहमति प्रदान की

आचार्य श्री पुलक सागरजी ने सोनागिर न्यास के प्रोजेक्ट को लेकर आवश्यक सुझाव दिए और सोनागिर पधारने की सहमति प्रदान की। आचार्य की सहमति मिलने पर न्यास के पदाधिकारियों और समाजजनों में हर्ष का वातावरण बन गया। पदाधिकारियों ने कहा कि आचार्य के सानिध्य में होने वाला भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह समाज के लिए ऐतिहासिक और मंगलकारी होगा। इस अवसर पर केसी जैन भीलवाड़ा, महेश जैन, सुनील जैन, सुरेंद्र वैक्सीन, प्रकाश जैन बिजली वाले, चक्रेश जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

तिथि और कार्यक्रम की रूपरेखा शीघ्र घोषित होगी

उल्लेखनीय है कि सोनागिर सिद्ध क्षेत्र जैन समाज का अत्यंत पवित्र और प्राचीन तीर्थ क्षेत्र है। यहां गोलालारे समाज की ओर से समाज सेवा सदन मंदिर का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे तीर्थ यात्रियों और समाजजनों को ठहरने, धर्म आराधना और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिल सकेगी। न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि शिलान्यास की तिथि और कार्यक्रम की रूपरेखा शीघ्र ही घोषित की जाएगी। इसके लिए समाज के सभी घटकों से सहयोग का आह्वान किया गया है।