आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में एम.डी. जैन इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित विश्व शांति महायज्ञ के छठवें दिन गणधर वलय विधान भक्ति एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। धर्मसभा में संतों ने प्रेम, सेवा और धर्म साधना का संदेश दिया। पढ़िए श्रीफल साथी राहुल जैन की यह रिपोर्ट।
आगरा। आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में एम.डी. जैन इंटर कॉलेज फील्ड हॉल, हरीपर्वत में आयोजित विश्व शांति महायज्ञ के छठवें दिन आचार्य 108 श्री इन्द्रनंदी जी महाराज ससंघ एवं सिद्धांत रत्न, भारत गौरव, गणिनी शिरोमणि आर्यिका 105 श्री विशुद्धमति माताजी तथा आर्यिका विज्ञमति माताजी ससंघ के मंगल सानिध्य में गणधर वलय विधान का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया।भजनों पर झूमे श्रद्धालु

संगीतकार ऋषि एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत भजनों की मधुर स्वरलहरियों पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए। विधान के दौरान भक्तजन नृत्य एवं भक्ति के माध्यम से धर्म आराधना का आनंद लेते रहे।

शांतिधारा और अभिषेक के साथ हुआ विधान

बाल ब्रह्मचारी आशीष भैया जी के निर्देशन में भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके पश्चात सौधर्म इन्द्र यतेंद्र कुमार-अभिलाषा जैन, कुबेर राजेंद्र कुमार जैन-नीलम जैन लुहाड़िया, यज्ञनायक इन्द्र सुरेश कुमार-माया जैन, ईशान इन्द्र जिनेंद्र कुमार-अनीता जैन सहित अनेक पुण्यार्जकों ने संगीतमय वातावरण में अर्घ समर्पित कर पूजा-अर्चना की।

प्रेम से आती है सफलता

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका विज्ञमति माताजी ने कहा कि जहां प्रेम होता है, वहां सफलता और समृद्धि स्वयं पीछे-पीछे चली आती है। परिवार और समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग ही वास्तविक सुख और उन्नति का आधार है।

चिड़िया की प्रेरक कथा सुनाई

माताजी ने एक प्रेरक दृष्टांत सुनाते हुए कहा कि जब झोपड़ी में आग लगी तो एक छोटी चिड़िया अपनी चोंच में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास करती रही। लोगों के उपहास करने पर चिड़िया ने कहा कि इतिहास में उसका नाम आग बुझाने वालों में लिखा जाएगा, तमाशा देखने वालों में नहीं। माताजी ने कहा कि समाज और धर्म के कार्यों में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

आचार्य श्री ने भी किया मार्गदर्शन

आचार्य श्री इन्द्रनंदी महाराज ने भी धर्मसभा को संबोधित कर धर्म, संयम और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उपस्थित श्रद्धालुओं ने संतों के उपदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

समापन की ओर विश्व शांति महायज्ञ

विश्व शांति महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं में महायज्ञ को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में परिषद अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार, अर्थमंत्री राकेश जैन परदे वाले, उपमंत्री विमल जैन, अनंत जैन, प्रचार मंत्री आशीष जैन मोनू, प्रदीप जैन कागज वाले, मनीष जैन लवली, कुमार मंगलम जैन, प्रवीण जैन, पंकज जैन, सचिन जैन, शेखर जैन, प्रांजल जैन, बीना बैनाड़ा, सपना जैन, नूतन जैन, प्रभा जैन, अनीता जैन, दीपा जैन सहित बड़ी संख्या में सकल जैन समाज उपस्थित रहा। धर्मसभा का संचालन महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार ने किया।