इंदौर। पर्यूषण पर्व के पावन अवसर पर तुकोगंज दिगंबर जैन समाज, इंदौर की ओर से समवशरण मंदिर परिसर में एक सराहनीय पहल की जा रही है। मंदिर परिसर में बाहर से आए जैन छात्र-छात्राओं के लिए 16 से 25 सितंबर तक पूरे 10 दिन शुद्ध जैन भोजन की निशुल्क व्यवस्था की गई है। पर्यूषण पर्व के दौरान कई जैन परिवार बाहर के भोजन का त्याग कर देते हैं। ऐसे में इंदौर में पढ़ाई और कोचिंग क्लासेस के लिए अन्य शहरों से आए विद्यार्थियों को शुद्ध और सात्विक भोजन मिल सके, इसके लिए यह व्यवस्था प्रतिवर्ष की जाती है। इस वर्ष भी समाज के सहयोग से इसका संचालन किया जा रहा है। व्यवस्था में लगे अजीत जैन ने बताया कि जो बच्चे बाहर से इंदौर में पढ़ाई करने और कोचिंग क्लासेस अटेंड करने आते हैं और जैन समाज से संबंध रखते हैं, उनके लिए पर्यूषण पर्व के उपलक्ष्य में यह भोजन की व्यवस्था रहती है। गौरतलब है कि यह व्यवस्था पूरी तरह समाज के सहयोगियों की मदद से की जा रही है।
प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे उठा रहे हैं शुद्ध भोजन का लाभ
भोजन व्यवस्था को लेकर विद्यार्थियों में भी उत्साह है। बुधवार को प्रथम दिन 1035 बच्चों ने प्रेम पूर्वक भोजन किया। गुरुवार को भी लगभग 900 विद्यार्थी भोजन कर चुके हैं, वहीं शुक्रवार को भी लगभग इतने ही बच्चों ने भोजन किया। सभी बच्चों ने शुद्धता और व्यवस्था की सराहना की।
इन सबके सहयोग से हो सका यह संभव
इस पुनीत कार्य में सुमत लुहाड़िया, एम.के. जैन एलआईसी सतीश भुच, प्रदीप पंचोलिया, जिनेन्द्र जैन, समीर जैन, डॉ. अरविन्द जैन सहित श्री दिगंबर जैन उदासीन श्राविकाश्रम ट्रस्ट, दिगंबर जैन समवशरण तुकोगंज ट्रस्ट, जैन समवशरण ग्रुप, महिला मंडल का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने अपील की है कि जो भी बाहर से आए जैन छात्र-छात्रा इस सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं, वे समवशरण मंदिर परिसर में संपर्क कर सकते हैं।




