मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर टीचिंग, लर्निंग एंड डवलपमेंट-सीटीएलडी की ओर से शुरू किए गए सीटीएलडी बियॉन्ड कैंपसः ट्रेलब्लेज़र्स इनिशिएटिव ने अपनी पहली पहल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। मोनोमौसुमी पब्लिकेशन्स की ओर से आयोजित ऑनलाइन अंतर्राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता के सितंबर संस्करण में टीएमयू के पांच स्टूडेंट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यूनिवर्सिटी का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में दक्षिण कोरिया, अमेरिका, जर्मनी, मैक्सिको, हांगकांग, ऑस्ट्रेलिया और मध्य पूर्व सहित विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच टीएमयू के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी- सीसीएसआईटी, कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग- सीओई और कॉलेज ऑफ फार्मेसी के स्टूडेंट्स ने अपनी लेखन प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीसीएसआईटी के बीटेक कंप्यूटर साइंस की छात्रा तंजिला बासेर ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सितवत ज़ेहरा को फाइनलिस्टः स्पेशल एंट्री के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि कॉलेज ऑफ फार्मेसी के फार्म-डी पीबी के पांचवें वर्ष के स्टूडेंट्स- अंजलि और संदीप, बीटेक कंप्यूटर साइंस पंचम सेमेस्टर की ज़ैनब अयूब के निबंधों को आउटस्टैंडिंग एंट्री के तहत विशेष मान्यता मिली है। इन सभी स्टूडेंट्स को डाक के जरिए पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं।
फ्रीलांस लेखन के विकल्प भी उपलब्ध कराता है
उल्लेखनीय है, मोनोमौसुमी वर्ष 2018 में स्थापित एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त और आईएसओ-प्रमाणित नॉन-कमर्शियल एजु-टेक और रचनात्मक लेखन मंच है। यह मंच मुख्य रूप से हिंदी, अंग्रेजी और बंगाली भाषाओं में अपनी गतिविधियां संचालित करता है। मोनोमौसुमी पब्लिकेशन्स की ओर से हर महीने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मासिक निबंध प्रतियोगिता और त्रैमासिक क्रिएटिव राइटिंग ओलंपियाड जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। यह नए और युवा लेखकों को अपनी कहानियां, निबंध और लेख ई-बुक्स या पुस्तकों के रूप में प्रकाशित करने का अवसर देता है। फ्रीलांस लेखन के विकल्प भी उपलब्ध कराता है।
सभी स्टूडेंट्स को बधाई दी
प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, नकद पुरस्कार, पदक, उपहार आदि प्रदान किए जाते हैं। सीटीएलडी के निदेशक प्रो. पंकजकुमार सिंह ने सभी स्टूडेंट्स को बधाई देते हुए कहा, ट्रेलब्लेज़र्स समूह की परिकल्पना और गठन में सीटीएलडी की सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर शमीला फातिमा मिर्ज़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन, समर्पण और निरंतर प्रोत्साहन से इन स्टूडेंट्स को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। सितंबर 2026 में शुरू किए गए इस मंच का उद्देश्य स्टूडेंट्स की प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना है।




