शिरपूर जैन के अंतरिक्ष पार्श्वनाथ दिगंबर अतिशय क्षेत्र में दिगंबर जैनाचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज वैद्यकीय उपकरण सेवा केंद्र का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने किया। यह केंद्र जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराएगा। पढ़िए श्रीफल साथी प्रशांत गडेकर की यह रिपोर्ट।
शिरपूर जैन (वाशिम, महाराष्ट्र)। अंतरिक्ष पार्श्वनाथ दिगंबर अतिशय क्षेत्र में समाजसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागरजी महामुनिराज की प्रेरणा एवं आचार्य श्री 108 समयसागरजी महाराज के मंगल आशीर्वाद से दिगंबर जैनाचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज वैद्यकीय उपकरण सेवा केंद्र का शुभारंभ भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव के करकमलों द्वारा किया गया।समाजसेवा की नई पहल

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि इस सेवा केंद्र के माध्यम से अस्पताल से डिस्चार्ज होने वाले जरूरतमंद मरीजों को फोल्डिंग बेड, वाटर बेड, एयर बेड, वॉकर, टॉयलेट चेयर, ऑक्सीजन मशीन, व्हीलचेयर सहित अनेक आवश्यक चिकित्सा उपकरण नाममात्र की डिपॉजिट राशि पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उपकरण लौटाने पर जमा राशि भी वापस कर दी जाएगी।

फाउंडेशन का सराहनीय सहयोग

यह सेवा विद्या समय सेवा संस्कार फाउंडेशन, मुंबई के सहयोग से प्रारंभ की गई है। केंद्रीय मंत्री ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी तथा समाज में सेवा भावना को नई दिशा मिलेगी।

प्रशिक्षण केंद्रों का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने चल चरखा महिला रोजगार प्रशिक्षण केंद्र एवं सहानुभूति हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे कौशल विकास एवं स्वरोजगार संबंधी कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

हजारों मरीजों को मिल रहा लाभ

शांति विद्या ज्ञानसंवर्धन संस्था द्वारा विद्या समय सेवा संस्कार फाउंडेशन एवं दानदाताओं के सहयोग से महाराष्ट्र में पहले से पाँच वैद्यकीय उपकरण सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों से हजारों जरूरतमंद मरीज लाभान्वित हो चुके हैं।

गणमान्यजनों की रही उपस्थिति

उद्घाटन समारोह में बाल ब्रह्मचारी तात्या भैया, हथकरघा ब्रह्मचारिणी दीदीजी, शिवसेना के जिला प्रमुख महादेवराव ठाकरे, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अंतरिक्ष पार्श्वनाथ संस्थान के ट्रस्टीगण, प्रतिभा मंडल की बहनें, श्रावक-श्राविकाएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आनंद जैन ने किया, प्रस्तावना चेतन जैन ने रखी तथा सेवा केंद्र की जानकारी बाल ब्रह्मचारी तात्या भैया ने दी।

सेवा और संवेदना का प्रेरक संदेश

यह सेवा केंद्र जैन समाज की सेवा, संवेदना और मानव कल्याण की भावना का सशक्त उदाहरण है। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे और आर्थिक बोझ भी कम होगा।