महरौनी। गणाचार्य श्री विराग सागर जी महामुनिराज के शिष्य मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज के पावन सानिध्य एवं मंगल प्रेरणा से श्री भगवान अजितनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में आठ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन विश्व शांति महायज्ञ के साथ सम्मान समारोह भी किया गया। समारोह में विधान के पात्रों, चातुर्मास के दौरान मुनिश्री की सेवा में समर्पित श्रावकों और बाहर से आए अतिथियों को सम्मानित किया गया। विधान के सभी पात्रों को प्रशस्ति पत्र कमेटी ओर से स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस अवसर पर मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज ने अपने मंगल उद्बोधन में कहा कि सम्मान किसी के अहंकार की पुष्टि का माध्यम नहीं, बल्कि उसके अच्छे कार्यों की सराहना और दूसरों को प्रोत्साहित करने का प्रतीक है। सम्मान व्यक्ति को और अधिक समर्पण एवं सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
चातुर्मास कलश प्रदान कर सम्मानित किया
समारोह में ललितपुर दिगंबर जैन पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनिल अतिथि के रूप उपस्थित रहे। उन्हें चातुर्मास कलश प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वीरेंद्र डोंगरया एवं राकेश सतभैया को भी चातुर्मास कलश भेंट किए गए। समिति अध्यक्ष पवन मोदी सहित समाज के लोगों ने अनिल अंचल का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सम्मान समारोह का शुभारंभ बाल ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य एवं प्रतिष्ठा शिरोमणि शोभित भैया के सम्मान के साथ हुआ। इसके बाद विधान के पात्रों, चातुर्मास के दौरान मुनिश्री की सेवा में तन-मन से समर्पित श्रावकों तथा बाहर से पधारे अतिथियों का सम्मान किया गया।
एकता का अनुपम संगम नजर आया
आठ दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में धर्म, भक्ति, तप, त्याग और सामाजिक एकता का अनुपम संगम देखने को मिला। विश्व शांति एवं सर्वमंगल की भावना के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने महरौनी की धर्मनगरी को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। इस प्रकार विश्व शांति महायज्ञ एवं भव्य सम्मान समारोह के साथ आठ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का श्रद्धा, उल्लास और धर्ममय वातावरण में समापन हुआ।




