भिंड। श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, किला रोड में मुनि श्री विशल्यसागर जी मुनिराज ससंघ के पावन सानिध्य में श्री 1008 सिद्धचक्र महामण्डल विधान का विश्वशांति महायज्ञ एवं विशाल शोभायात्रा के साथ समापन हुआ। विधान के अंतिम दिवस पर धार्मिक अनुष्ठानों, मंत्रोच्चार एवं भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विश्वशांति एवं सर्वकल्याण की भावना के साथ महायज्ञ में आहुतियां समर्पित की गईं। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान धर्ममय वातावरण बना रहा।
पंचकल्याणक महोत्सव के लिए श्रीफल भेंट किया
इस अवसर पर अहिंसा ग्रुप भिण्ड एवं श्री अतिशय क्षेत्र बरासों मंदिर कमेटी के सदस्य गुरुदेव श्री विशल्यसागर जी मुनिराज ससंघ के दर्शनार्थ पहुंचे। उन्होंने पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी के पावन सानिध्य में होने वाले पंचकल्याणक महोत्सव के संबंध में गुरुदेव को श्रीफल भेंट किया तथा उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही पंचकल्याणक महोत्सव में गुरुदेव श्री विशल्यसागर जी ससंघ का मंगल सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त करने हेतु विनम्र निवेदन किया। गुरुदेव के पावन सानिध्य में संपन्न हुए इस भव्य विधान ने श्रद्धालुओं के मन में धर्म, भक्ति, शांति एवं संयम की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।




