आगरा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, कलाकुंज, मारुति स्टेट शाहगंज में रविवार को 44 दिवसीय श्री पार्श्वनाथ कल्याण स्रोत मंदिर विधान का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। वात्सल्य सेवा समिति, कलाकुंज-अवधपुरी के तत्वावधान में इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की। विधान के प्रथम दिवस का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय एवं डिप्टी सीएमओ पीयूष जैन ने किया। इस अवसर पर ध्वजारोहण, दीप प्रज्वलन एवं मंगल कलश स्थापना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ हुआ। मंत्रोच्चार एवं भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ के समक्ष पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं विश्व कल्याण की मंगल कामना की।

विधान में धार्मिक लाभ अर्जित किया

यह आयोजन गणधराचार्यश्री कुंथु सागर जी महाराज एवं क्षुल्लिका श्री सुमैत्री माताजी की विशेष अनुकंपा एवं मंगल आशीर्वाद से किया जा रहा है। विधान का धार्मिक विधि-विधान जिनेंद्र जैन शास्त्री के निर्देशन में संपन्न कराया जा रहा है। प्रथम दिवस पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने विधान में शामिल होकर धार्मिक लाभ अर्जित किया।

भगवान पार्श्वनाथ की आराधना होगी

आयोजकों ने बताया कि आगामी 44 दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों एवं पूजन-विधान के माध्यम से भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की जाएगी। विधान के शुभारंभ अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिक, समिति पदाधिकारी, महिला-पुरुष श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में धर्मावलंबी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वात्सल्य सेवा समिति की अध्यक्ष रश्मि जैन ने सभी का आभार प्रकट किया।